MP NEWS : पचमढ़ी में जिला कांग्रेस अध्यक्षों के लिए आयोजित चल रहे “संगठन सृजन” प्रशिक्षण शिविर के छठवें दिन गुरुवार को भारतीय अर्थव्यवस्था और समकालीन राजनीतिक परिदृश्य पर केंद्रित एक विशेष सत्र आयोजित किया गया। यह सत्र ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण चक्रवर्ती द्वारा संचालित किया गया, जिन्होंने प्रतिभागियों के साथ अपने व्यापक अनुभव और विश्लेषण साझा किए।
भ्रमपूर्ण आर्थिक छवि तैयार की भाजपा – चक्रवर्ती
MP NEWS : चक्रवर्ती ने अपने संबोधन में मौजूदा केंद्रीय सरकार की आर्थिक नीतियों की समीक्षा करते हुए कहा कि वर्तमान भारतीय जनता पार्टी सरकार ने आंकड़ों की चुनिंदा प्रस्तुति और प्रचार आधारित नारों के माध्यम से एक भ्रमपूर्ण आर्थिक छवि तैयार की है। उन्होंने कहा कि वास्तविक आर्थिक स्थिति सरकार द्वारा प्रस्तुत दावों और ‘विकास’ के प्रचार से काफी अलग है। उन्होंने रोजगार, मुद्रास्फीति, कृषि, छोटे उद्योगों और सरकारी व्यय पर आधारित प्रामाणिक आंकड़ों के माध्यम से इसकी व्याख्या की।
मुद्दों को तथ्यात्मक तरीके से प्रस्तुत दिशा मिली
MP NEWS : सत्र के दौरान चक्रवर्ती ने एक विस्तृत प्रेज़ेंटेशन के माध्यम से आर्थिक नीतियों के प्रभाव और उनके सामाजिक-आर्थिक परिणामों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि कैसे कुछ नीतिगत निर्णयों ने छोटे व्यापारियों, किसानों और आम नागरिकों की आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव डाला है। प्रस्तुति के बाद प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित हुआ, जिसमें जिला कांग्रेस अध्यक्षों ने जमीनी स्तर पर सामने आने वाली आर्थिक समस्याओं से जुड़े सवाल पूछे और नीति पक्षों पर स्पष्टीकरण प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने इस सत्र को अत्यंत उपयोगी बताया और कहा कि इससे उन्हें न केवल वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों की स्पष्ट समझ मिली, बल्कि जनता के बीच इन मुद्दों को तथ्यात्मक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने की दिशा में मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ।
ये भी पढ़े.. UP NEWS : वंदे मातरम् विवाद पर पूर्व सांसद डॉ. एस.टी. हसन का बयान: “जान दे सकते हैं, पूजा नहीं”







