Mp news: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दमोह जिले के नोहटा में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेकर “नोहलेश्वर महोत्सव” का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कृषि यंत्रों और उत्पादों पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नोहलेश्वर महादेव की महिमा ऐसी है कि जो एक बार यहां आता है, उसका मन बार-बार आने को करता है। उन्होंने कहा कि भगवान के आशीर्वाद से प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के कार्यों को पूरी ऊर्जा से आगे बढ़ा रही है।
दमोह के लिए गीता भवन और नई सिंचाई परियोजना
किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने नोहटा को परीक्षण के बाद नगर परिषद बनाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि दमोह में 2 करोड़ रुपये की लागत से गीता भवन बनाया जाएगा। साथ ही 600 करोड़ रुपये की नई सिंचाई परियोजना विकसित की जाएगी, जिससे जिले के 33 गांवों को लाभ मिलेगा। दमोह में 10 करोड़ रुपये की लागत से वॉटर स्पोर्ट्स और बोट क्लब जैसी पर्यटन गतिविधियां भी शुरू की जाएंगी। तेंदूखेड़ा और हटा में नए स्टेडियम भी बनाए जाएंगे।
Mp news: बुंदेलखंड के विकास पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार दमोह के साथ-साथ पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। तेंदूखेड़ा में 165 करोड़ रुपये की नई योजना स्वीकृत की गई है और दमोह के लिए नया फोर लेन मार्ग मंजूर किया गया है। जिले में पर्यटन और उद्योग को बढ़ावा दिया जा रहा है। जैविक खेती को प्रोत्साहन देने के लिए 69 जैविक हाट लगाए गए हैं, जहां अब तक 28 लाख रुपये से अधिक के उत्पादों की बिक्री हो चुकी है।
किसानों और युवाओं के लिए नई संभावनाएं
Mp news: मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और उनकी समृद्धि से ही देश आगे बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से दमोह को सिंचाई का लाभ मिलेगा। औद्योगिक विकास के साथ युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मध्यप्रदेश विकास के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत को भी सहेज रहा है। नोहटा का नोहलेश्वर मंदिर 1100 साल से अधिक पुराना है और महोत्सव से क्षेत्र के पर्यटन को नई पहचान मिल रही है।
ये भी पढ़े: ‘विकास भी, सुरक्षा भी…’ यूपी विधानसभा में योगी आदित्यनाथ का बड़ा संदेश






