MP News: विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ अपनी प्रेमिका के साथ दर्शन करने पहुंचे एक मुस्लिम युवक को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने संदिग्ध अवस्था में पकड़ लिया। युवक की पहचान छिपाने के तरीके को लेकर मंदिर परिसर के बाहर जमकर हंगामा हुआ और उसके साथ मारपीट भी की गई। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पहचान छिपाने के लिए अपनाया ‘हिंदू’ भेष
जानकारी के अनुसार, पकड़े गए युवक ने अपनी पहचान पूरी तरह छिपाने की कोशिश की थी। वह मंदिर में धोती-कुर्ता पहनकर पहुंचा था। इतना ही नहीं, उसने माथे पर त्रिपुंड (चंदन का तिलक) लगा रखा था और गले में रुद्राक्ष की माला भी पहन रखी थी, ताकि कोई उसे पहचान न सके। वह अपनी हिंदू गर्लफ्रेंड के साथ मंदिर में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। मंदिर परिसर के पास मौजूद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को युवक की गतिविधियों और बातचीत के लहजे पर शक हुआ। जब उन्होंने रोककर उससे पूछताछ की और उसका नाम पूछा, तो वह पहले तो टालमटोल करने लगा। कड़ाई से पूछताछ करने और पहचान पत्र (ID) दिखाने को कहने पर उसकी असलियत सामने आ गई। युवक के मुस्लिम होने की जानकारी मिलते ही कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा।

आरोप है कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़कर उसके साथ मारपीट की और उसे ‘लव जिहाद’ का मामला बताते हुए विरोध जताया। इस दौरान मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। वहां मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जिसमें युवक को घेरे हुए और धक्का-मुक्की करते हुए देखा जा सकता है। हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर अपने साथ थाने ले गई। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि युवक का मंदिर में भेष बदलकर प्रवेश करने का असली मकसद क्या था। क्या वह केवल दर्शन के लिए आया था या इसके पीछे कोई और मंशा थी?
MP News: सुरक्षा पर उठे सवाल?
पुलिस अधिकारियों ने मामले में कहा कि मामला संज्ञान में आया है और वीडियो की जांच की जा रही है। युवक और उसकी महिला मित्र से पूछताछ की जा रही है। कानून को हाथ में लेने वालों और संदिग्ध रूप से पहचान छिपाकर प्रवेश करने वालों, दोनों पक्षों की भूमिका की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं महाकाल मंदिर जैसे अति-संवेदनशील और श्रद्धा के केंद्र में इस तरह पहचान छिपाकर प्रवेश करने की कोशिश ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हिंदू संगठनों ने मांग की है कि प्रवेश द्वारों पर पहचान पत्रों की कड़ाई से जांच सुनिश्चित की जाए।
Report BY: संजय कुमार
ये भी पढ़े… मुजफ्फरपुर में 15 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा गया दारोगा, विभाग में मचा हड़कंप






