Mp news: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के दूरस्थ आदिवासी क्षेत्र ग्राम दामजीपुरा में गाय के साथ कथित दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद इलाके में तनाव फैल गया। घटना से आक्रोशित भीड़ ने करीब एक दर्जन दुकानों में आग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और हालात को काबू में लिया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
घटनास्थल पर क्षेत्रीय बीजेपी विधायक महेंद्र सिंह चौहान, प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन और पुलिस अधीक्षक (एसपी) वीरेंद्र जैन मौजूद हैं। एसपी वीरेंद्र जैन ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए भरोसा दिलाया कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और अपने घरों को लौटने की अपील की। वहीं प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन ने कहा कि यदि किसी प्रकार का अतिक्रमण सामने आता है, तो उसे तत्काल हटाया जाएगा।
Mp news: वीडियो वायरल होने के बाद भड़का आक्रोश
बताया जा रहा है कि बीती रात गाय के साथ अमानवीय कृत्य की घटना सामने आई थी। सुबह इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा। जानकारी के अनुसार आरोपी मोहदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत दामजीपुरा पुलिस चौकी के पास पंचर की दुकान चलाता है। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी के साथ मारपीट की और उसे पुलिस चौकी तक ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद इलाके में तनाव और बढ़ गया।
Mp news: आगजनी में कई दुकानें जलकर खाक
आक्रोशित भीड़ ने पंचर की दो दुकानों, एक रेडियो दुकान और एक फोटो कॉपी की दुकान समेत अन्य दुकानों को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया। मौके पर वज्र वाहन और दमकल की गाड़ियां तैनात की गई हैं।
पड़ोसी जिलों से भी मंगाया गया पुलिस बल
Mp news: स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित करने के लिए नर्मदापुरम, हरदा और छिंदवाड़ा जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। पूरा इलाका फिलहाल पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें: बायोगैस मिक्स CNG हुई सस्ती, टैक्स छूट से आम आदमी को बड़ी राहत







