MP Sports Festival: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव महज एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आनंद, प्रेम और सामाजिक स्नेह का महाकुंभ है। यह आयोजन समाज को जोड़ने और नई खेल संस्कृति विकसित करने का सशक्त माध्यम बन रहा है।
100 दिन चला खेल महोत्सव,1 लाख+खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
केंद्रीय मंत्री के संसदीय क्षेत्र विदिशा अंतर्गत रायसेन में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि यह खेल महोत्सव 100 दिन पहले शुरू हुआ था। उन्होंने कहा कि 952 पंचायतों में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं और पंचायत, मंडल व विधानसभा स्तर के मुकाबलों के बाद फाइनल चरण तक पहुंचे खिलाड़ी आज रायसेन में एकत्र हुए।
MP Sports Festival: सास-बहू से लेकर मां-बेटी तक, खेल ने जोड़ा हर पीढ़ी
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस आयोजन में करीब एक लाख खिलाड़ियों ने भाग लिया। खास बात यह रही कि बच्चों के साथ-साथ महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली। कहीं सास-बहू ने मिलकर रस्साकशी खेली, तो कहीं मां-बेटी की टीम ने खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया, जिससे खेलों के जरिए पारिवारिक और सामाजिक जुड़ाव मजबूत हुआ।
रायसेन किले तक रोपवे और भव्य म्यूजियम की तैयारी
केंद्रीय मंत्री ने घोषणा की कि रायसेन किले तक रोपवे निर्माण की अनुमति भारत सरकार से मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि रोपवे किले के ऊपर तक जाएगा और वहां एक भव्य म्यूजियम का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
MP Sports Festival: हर विधानसभा में आधुनिक खेल परिसर, हर गांव में मैदान
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में नई खेल संस्कृति को विस्तार दिया जाएगा। हर विधानसभा क्षेत्र में कम से कम एक आधुनिक खेल परिसर विकसित किया जाएगा। रायसेन के अस्थायी स्टेडियम को स्थायी और आधुनिक स्टेडियम में बदला जाएगा।उन्होंने कहा कि खेल सुविधाएं केवल शहरों तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि हर गांव में खेल मैदान विकसित किए जाएंगे।
छात्रों और दिव्यांगजनों के लिए खास घोषणाएं
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि 10वीं और 12वीं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उनके माता-पिता की स्मृति में ‘प्रेम सुंदर सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विदिशा, रायसेन और भैरूंदा में तीन निशुल्क ‘मामा कोचिंग क्लास’ शुरू की जाएंगी।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि संसदीय क्षेत्र के दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मोटराइज्ड साइकिल दी जाएगी।
समापन समारोह में दिग्गजों की मौजूदगी
सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल और भारतीय क्रिकेट टीम के ऑल-राउंडर रवींद्र जडेजा भी मौजूद रहे।
ये भी पढ़े… ममता बनर्जी की बढ़ेंगी मुश्किलें? ED रेड में दखल आरोप पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई







