MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। आसमान में बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में कोहरा भी देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में बारिश की संभावना जताई जा रही है, जिससे राज्य में ठंड का असर फिर से बढ़ सकता है।
तापमान में संभावित गिरावट
पिछले कुछ दिनों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी और राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया था। हालांकि अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। इसकी मुख्य वजह जम्मू-कश्मीर और अन्य पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी और बारिश को माना जा रहा है।

MP Weather Update: बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है, जिसके चलते तापमान में गिरावट आने की संभावना है। विभाग ने बताया है कि ग्वालियर, रीवा-सागर समेत करीब 25 जिलों में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही सुबह के समय कुछ इलाकों में कोहरे का असर भी देखा गया है। सोमवार सुबह राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई।

मौसम में आए इस बदलाव को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि अगले 24 घंटों में ग्वालियर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, श्योपुर, मुरैना, भिंड, सागर, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली जिलों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, विदिशा, रायसेन और सीहोर सहित कई जिलों में कोहरा छाए रहने की संभावना है।
फसलों को हो सकता है नुकसान
विशेषज्ञों का कहना है कि हल्की बारिश फसलों के लिए लाभकारी हो सकती है, लेकिन यदि बारिश ज्यादा होती है तो इसका नकारात्मक असर फसलों पर पड़ सकता है। हाल ही में राज्य के कई इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई थी, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था।
Written by- Yamini Yadav






