Munger news: जिले के असरगंज प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय मिल्क जोरारी में गुरुवार (26 फरवरी) को फाइलेरिया और एल्बेंडाजोल की दवा खिलाने के बाद 14 छात्र-छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। दवा खाने के कुछ देर बाद बच्चों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी, जबकि कुछ बच्चे बेहोश भी हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही असरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम एम्बुलेंस के साथ स्कूल पहुंची। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. परवेज अख्तर ने मौके पर पहुंचकर बच्चों की स्थिति का जायजा लिया।
Munger news: इलाज के बाद सभी बच्चे स्वस्थ
प्रभावित सभी बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र असरगंज लाया गया, जहां डॉ. निधि कुमारी ने उनका प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों की निगरानी में कुछ ही देर में सभी बच्चों की हालत सामान्य हो गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य कमल यादव ने बताया कि मध्याह्न भोजन के बाद बच्चों को फाइलेरिया और एल्बेंडाजोल की दवा दी गई थी। इसके बाद कुछ बच्चों ने पेट दर्द और उल्टी की शिकायत की, जबकि कुछ बेहोश हो गए। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बच्चों को अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल सभी बच्चे सुरक्षित हैं।
दूसरे स्कूल में हंगामा, आशा कार्यकर्ताओं से बदसलूकी
Munger news: इधर, बच्चों की तबीयत बिगड़ने की खबर फैलते ही मकवा पंचायत के प्राथमिक विद्यालय सरौन में फाइलेरिया की दवा खिलाने के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने हंगामा कर दिया। आरोप है कि उन्होंने आशा कार्यकर्ता पिंकू कुमारी और कुमारी प्रतिमा के साथ गाली-गलौज की और मारपीट की कोशिश की। आशा कार्यकर्ताओं ने तुरंत इसकी सूचना प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. परवेज अख्तर को दी, जिसके बाद तारापुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया।
ये भी पढ़े: महाराष्ट्र में बच्चों की डिजिटल लत पर सरकार सख्त, 16 साल से कम उम्र के लिए बनी टास्क फोर्स






