Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर के दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार रात ऐसा भीषण हादसा हुआ जिसने हर किसी का दिल दहला दिया। जानसठ फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार बाइक एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दंपती और उनकी 10 साल की बेटी ने मौके पर ही या इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चार साल का छोटा बेटा फिलहाल जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
देहरादून से लौट रहे थे गांव
हादसा नई मंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत जानसठ फ्लाईओवर पर हुआ। बताया गया कि मंसूरपुर क्षेत्र के जड़ौदा गांव निवासी सोनू (35) पत्नी राधिका (30), बेटी रिया (10) और छोटे बेटे काला (4) के साथ देहरादून से गांव लौट रहे थे। रात करीब नौ बजे जैसे ही उनकी बाइक जानसठ फ्लाईओवर पर चढ़ी सामने जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से तेज टक्कर हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। सड़क पर खून और मलबा बिखरा देखकर हर किसी की रूह कांप उठी। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस की सहायता से घायल परिवार को स्वामी कल्याण देव जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में भर्ती राधिका और उनकी बेटी रिया ने भी कुछ ही देर बाद अस्पताल में दम तोड़ दिया। छोटे काला की हालत नाजुक बताई जा रही है उसे शहर के भोपा रोड स्थित आनंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

Muzaffarnagar News: सरकार पीड़ित परिवार की करेगी मदद
हादसे की सूचना पर जिले के कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को घायल बच्चे के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि हादसा अत्यंत दुखद है सरकार पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि जानसठ फ्लाईओवर पर भारी वाहन अक्सर गलत तरीके से खड़े रहते हैं जिससे यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से वहां नियमित निगरानी और रोशनी की व्यवस्था की मांग की है।
इस हादसे के बाद जड़ौदा गांव में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरा इलाका गम में डूबा है। रिश्तेदारों और पड़ोसियों की आंखें नम हैं। हर कोई यही कह रहा था किसी ने सोचा भी नहीं था कि परिवार की यह यात्रा हमेशा के लिए आखिरी साबित होगी।






