Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के बनारस बैंक चौक स्थित एक मध्य विद्यालय की आधा दर्जन छात्राएं कथित तौर पर अश्लील हरकत, धक्का-मुक्की और छेड़खानी से दहशत में हैं। पीड़ित छात्राएं चंदवारा इलाके के अलग-अलग मोहल्लों की रहने वाली बताई जा रही हैं। छात्राओं ने उसी कैंपस में संचालित एक अन्य स्कूल के छात्र पर आरोप लगाया है।
कई छात्राओं के साथ आपत्तिजनक व्यवहार
छात्राओं का कहना है कि बीते दिन दोबारा कई छात्राओं के साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया गया। इसके बाद परिजन और मोहल्ले के लोग स्कूल पहुंचे और आरोपित की तलाश शुरू की, लेकिन वह फरार मिला। मामले की सूचना डायल 112 पर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्राओं, उनके परिजनों, शिक्षकों और प्राचार्य से बातचीत कर जानकारी ली तथा थाने में आवेदन देने को कहा।
Muzaffarpur News: विरोध करने पर धमकी देने का आरोपी
पीड़ित छात्राओं के अनुसार, स्कूल समय के दौरान आरोपित आपत्तिजनक हरकतें करता है और विरोध करने पर धमकी देता है। आरोप है कि उसके परिजन भी स्कूल पहुंचकर मारपीट की धमकी देते हैं। छात्राओं ने बताया कि हालिया घटना के बाद इसकी जानकारी स्कूल प्राचार्य और अपने परिजनों को दी गई थी। वहीं, छात्राओं के परिजनों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन जल्द ही आरोपित के खिलाफ थाने में आवेदन देगा। दूसरी ओर, इस मामले में स्कूल के प्राचार्य ने पुलिस को बताया कि विरोध करने पर आरोपित अपने परिजनों के साथ कार्यालय में आकर गाली-गलौज और दुर्व्यवहार करता है, साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई। बीच-बचाव करने आए शिक्षकों के साथ भी अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप है।
उधर, उसी कैंपस में संचालित दूसरे स्कूल के प्रभारी ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि आरोपित छात्र से पूछताछ की गई है और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी, हालांकि संबंधित स्कूल द्वारा अभिभावकों को बुला लिया गया था। मामले पर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कुमार अरविन्द सिन्हा ने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। तथ्य सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने भी आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई का भरोसा दिया है।
Report By: विक्रम कुमार
ये भी पढ़े… सिंगाही में गन्ने के खेत में तेंदुए के दो शावक मिलने से हड़कंप, वन विभाग अलर्ट






