Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र का चोरनिया गांव मंगलवार की रात उस समय हिंसक संघर्ष का मैदान बन गया, जब पुलिस ने यहां एक वांछित अपराधी को पकड़ने के लिए छापेमारी की। जानकारी के अनुसार, इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला कर दिया।

ग्रामीण की मौत, पुलिसकर्मी घायल
इस झड़प में एक ग्रामीण की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जगत वीर राय के रूप में हुई है। वहीं, थानाध्यक्ष और अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए। पुलिस ने बताया कि थानाध्यक्ष, अपर थानाध्यक्ष मनीष कुमार और दो गृह रक्षक इस हमले में चोटिल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस की छापेमारी का उद्देश्य पास्को एक्ट और आत्महत्या के लिए उकसाने के मामलों में आरोपी भिखारी राय और अन्य को गिरफ्तार करना था। छापेमारी के दौरान आरोपी ने हल्ला मचाकर ग्रामीणों को इकट्ठा किया और पुलिस पर पत्थर, लाठी-डंडा और फायरिंग के साथ हमला किया।

Muzaffarpur News: दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
पुलिस ने आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग की, ताकि टीम और अधिकारी सुरक्षित बाहर निकल सकें। इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में माहौल तनावपूर्ण हो गया। कई थानों की पुलिस बलों को मौके पर तैनात किया गया और कैंप स्थापित किया गया।
पुलिस अधिकारी बता रहे हैं कि दोषियों की पहचान की जा रही है और सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा हमले करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें…EV चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से आग, 6 लोगों की मौत, 3 घायल, सिलेंडर ब्लास्ट से मचा हड़कंप







