Nalanda Temple: बिहार के नालंदा जिले के मघड़ा गांव में स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में आज मंगलवार सुबह अफरा-तफरी मच गई। मंदिर में अचानक भगदड़ मचने से 8 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मंगलवार के साथ ही महावीर जयंती का संयोग होने के कारण मंदिर में सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। भीड़ इतनी अधिक थी कि व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। बताया जा रहा है कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगाए गए बैरिकेड अचानक टूट गए, जिससे भगदड़ फैल गई। लोग एक-दूसरे के नीचे दब गए और कई की जान चली गई।
भीड़ इतनी ज्यादा कि संभालना मुश्किल
रीता नामक महिला श्रद्धालु ने रोते हुए कहा कि चार लोग पटना से आए थे। भीड़ में सब अलग हो गए। लोग एक-दूसरे पर चढ़ने लगे। मेरी सहेली की भी यही हादसे में मौत हो गई। जबकि स्थानीय निवासी ललित कुमार ने बताया कि भीड़ इतनी ज्यादा थी कि संभालना मुश्किल हो गया। जैसे ही बैरिकेड टूटा, लोग इधर-उधर भागने लगे और कई लोग कुचल गए। उस समय पर्याप्त पुलिस बल भी मौजूद नहीं था, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।
![]()
गुड्डू सिंह नामक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि मंदिर के अंदर जगह ही नहीं थी। धूप बहुत तेज थी और ज्यादातर लोग खाली पेट थे। कुछ लोगों का ब्लड प्रेशर गिर गया और कई बेहोश हो गए। एम्बुलेंस भी देर से पहुंची। पटना से आए एक महिला श्रद्धालु ने बताया कि हादसे के बाद हमें मंदिर के अंदर जाने नहीं दिया गया। बाहर भीड़ को संभालने के लिए लाठीचार्ज किया गया। मंदिर का गर्भगृह छोटा होने की वजह से ज्यादा लोगों का प्रवेश नहीं हो पा रहा था, फिर भी लोग जल्दी दर्शन करने के लिए आगे बढ़ रहे थे। यही धक्का-मुक्की भगदड़ में बदल गई।
Nalanda Temple: कई एंबुलेंस मौके पर
यह मंदिर बिहारशरीफ से करीब 5 किलोमीटर दूर स्थित है। चैत्र कृष्ण पक्ष की अष्टमी, यानी शीतला अष्टमी के दिन यहां विशेष पूजा का आयोजन होता है। इस दिन श्रद्धालु एक दिन पहले बना ठंडा भोजन माता को अर्पित करते हैं और इसी कारण हर साल भारी भीड़ जुटती है। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और कई एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। घायलों को तुरंत नालंदा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए रेफर किया जा रहा है। फिलहाल, मंदिर परिसर को खाली करा दिया गया है। स्थिति नियंत्रण में रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है।
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नालंदा के शीतला माता मंदिर हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने इसमें जान गंवाने वाले पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने इस भगदड़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता की घोषणा भी की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने पीएम मोदी के हवाले से लिखा कि बिहार के नालंदा जिले में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। मैं उन लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खो दिया। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी और घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।
The mishap in Nalanda district, Bihar, is deeply painful. I extend my condolences to those who have lost their loved ones. Prayers for the speedy recovery of those injured.
An ex-gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF would be given to the next of kin of each deceased. The injured…
— PMO India (@PMOIndia) March 31, 2026
जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हादसे पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि नालंदा (बिहार) के माता शीतला मंदिर में हुई भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। साथ ही मैं सभी घायल व्यक्तियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
ये भी पढ़े… अब खुदेगी CM योगी की मां को अपशब्द कहने वाले मौलाना की कब्र? यूपी STF ने बिहार से दबोचा







