Nigeria news: नाइजीरिया के नाइजर राज्य के कासुवान-दाजी गांव में बंदूकधारियों ने भीषण हमला कर दिया। एपी की रिपोर्ट के मुताबिक इस हमले में कम से कम 30 ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों को अगवा कर लिया गया। पुलिस ने घटना की पुष्टि की है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि मरने वालों की संख्या इससे कहीं ज्यादा हो सकती है क्योंकि कई लोग अब भी लापता हैं।
घरों और बाजार में लगाई आग, अंधाधुंध फायरिंग
हमलावरों ने बोर्गु लोकल गवर्नमेंट एरिया के गांव में घुसकर ग्रामीणों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। इसके बाद कई घरों और स्थानीय बाजार को आग के हवाले कर दिया। नाइजर राज्य पुलिस के प्रवक्ता वासिउ अबियोदुन के अनुसार, कुछ शव अभी भी मलबे में दबे हो सकते हैं, जिससे मृतकों की संख्या 37 या उससे ज्यादा हो सकती है।
Nigeria news: एक हफ्ते से कर रहे थे रेकी
कोंटागोरा सूबा के कैथोलिक चर्च के प्रवक्ता रेव फादर स्टीफन कबीरात ने दावा किया है कि इस हमले में 40 से अधिक लोगों की जान गई है। अगवा किए गए लोगों में बच्चे भी शामिल हैं। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि बंदूकधारी हमले से पहले करीब एक हफ्ते तक आसपास के इलाकों की रेकी कर रहे थे।
Nigeria news: तीन घंटे तक चला तांडव, गांव में दहशत
बताया जा रहा है कि बंदूकधारियों ने करीब तीन घंटे तक गांव में उत्पात मचाया। जो लोग बच पाए, उनमें इतना डर है कि वे शवों को उठाने तक की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। एक निवासी ने कहा, “शव अब भी गांव में पड़े हैं, लेकिन सुरक्षा के बिना उन्हें निकालना संभव नहीं है।”
जंगल बने अपराधियों का सुरक्षित ठिकाना
नाइजीरिया में ऐसे गिरोह अक्सर उन गांवों को निशाना बनाते हैं जहां सुरक्षा बेहद कमजोर होती है। ये अपराधी आमतौर पर घने और सुनसान जंगलों में छिपते हैं। काबे जिले के पास स्थित नेशनल पार्क फॉरेस्ट को इन गिरोहों का बड़ा ठिकाना माना जाता है। इसी इलाके में नवंबर महीने में एक कैथोलिक स्कूल से 300 से ज्यादा बच्चों और शिक्षकों का अपहरण किया गया था।
योबे प्रांत में नाव हादसा: 25 की मौत, 14 लापता
Nigeria news: उधर, उत्तरी नाइजीरिया के योबे प्रांत में एक दर्दनाक नाव हादसा हुआ है। योबे नदी में नाव पलटने से कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग अब भी लापता हैं। योबे आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के मुताबिक, यह हादसा शनिवार रात गारबी कस्बे के पास हुआ। नाव में स्थानीय बाजार जा रहे 52 लोग सवार थे, जिनमें से 13 को सुरक्षित बचा लिया गया है। घायलों का इलाज जारी है और लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: अंकिता भंडारी हत्याकांड, CBI जांच की मांग को लेकर फिर सड़कों पर उतरे लोग






