Nitish Hijab Controversy: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम महिला के चेहरे से हिजाब हटाने की घटना को लेकर पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भट्टी ने एक वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो “बाद में यह न कहा जाए कि चेतावनी नहीं दी गई थी।”
पाकिस्तानी डॉन ने वीडियो में क्या कहा?
पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने वीडियो में कहा कि सभी लोगों ने देखा होगा कि बिहार में क्या हुआ। एक बड़े पद पर बैठा व्यक्ति एक मुस्लिम महिला के साथ ऐसा व्यवहार करता है। फिर बाद में मुझ पर आरोप लगाए जाते हैं कि शहजाद भट्टी ने यह कर दिया, वह कर दिया। उस व्यक्ति के पास अभी भी समय है कि वह उस बच्ची और उस महिला से माफी मांगे। अगर आज माफी नहीं मांगी गई, तो जिम्मेदार संस्थानों को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए। बाद में यह मत कहना कि चेतावनी नहीं दी गई थी।
Nitish Hijab Controversy: लॉरेंस बिश्नोई को भी दी थी धमकी
आपको बता दें कि शहजाद भट्टी इससे पहले कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को धमकी देने के कारण चर्चा में रहा है। भट्टी से जान का खतरा बताते हुए लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने दिल्ली की एक अदालत में सुरक्षा की मांग की थी। अनमोल, जो फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद है, ने बुलेटप्रूफ जैकेट और बुलेटप्रूफ वाहन उपलब्ध कराने की अपील की थी।
गौरतलब है कि 15 दिसंबर को बिहार में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नियुक्ति पत्र वितरित कर रहे थे। इसी दौरान हिजाब पहने एक महिला मंच पर पहुंची। इस पर मुख्यमंत्री ने महिला से हिजाब को लेकर सवाल किया और अपने हाथ से उसका हिजाब हटा दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है।
ये भी पढ़े… हिन्दू छात्र-छात्राओं को इस्लाम की शिक्षा देने वाले सब इंस्पेक्टर ‘आफ़ाक खान’ को SP ने किया लाइन हाजिर






