Nitish Kumar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को कैमूर में अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान 209 करोड़ रुपए की लागत से 204 विकासात्मक योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए कई नई योजनाओं की घोषणा की और अधिकारियों को शीघ्र निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
209 करोड़ रुपए की योजनाओं का उद्घाटन
सीएम नीतीश कुमार ने चैनपुर प्रखंड के अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय के समीप आयोजित एक कार्यक्रम में 162 करोड़ रुपए की लागत से 161 योजनाओं का उद्घाटन और 47 करोड़ रुपए की लागत से 43 योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कैमूर जिले में पर्यटन सुविधाओं के विकास की दिशा में एक अहम कदम बढ़ाते हुए जंगल सफारी का शुभारंभ किया और वाइल्ड लाइफ सेंचुरी के लिए चार पर्यटकीय वाहनों को हरी झंडी दिखाई।
Nitish Kumar: पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल
नीतीश कुमार ने अधौरा पहाड़ स्थित पर्यटन स्थलों करकटगढ़, तेल्हाड़ कुंड और वंशीखोह में पर्यटन सुविधाओं के विकास का भी जायजा लिया। इसके अलावा, उन्होंने मोहनिया-डडवां बाइपास पथ के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य की जानकारी ली।
कैमूर में हाई सिक्योरिटी जेल का निर्माण
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कैमूर के अधौरा पहाड़ पर हाई सिक्योरिटी जेल बनाने की घोषणा की, जहां कुख्यात अपराधी और आतंकवादियों को रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले जंगल और पिछड़ेपन के लिए पहचाने जाने वाले कैमूर अब तेज़ी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान जन संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया और अधिकारियों के साथ बैठक की।







