Noida Hit and Run: नोएडा के सेक्टर-37 में मंगलवार रात आर्मी पब्लिक स्कूल के पास हुए दर्दनाक हादसे ने कई अनसुलझे सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना में बाइक सवार दो दोस्तों, बसंत और रोहन की मौत हो गई। हालांकि, परिवार का दावा है कि यह सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश या रंजिश का परिणाम हो सकता है।
Noida Hit and Run: “भैया की सांसें नहीं चल रही…” छोटे भाई की आपबीती
मृतक बसंत के भाई धीरज ने बताया कि हादसे से कुछ देर पहले बसंत का फोन आया था। बसंत काफी घबराया हुआ था और उसने बताया था कि एक काले रंग की कार उनका पीछा कर रही है। कार में सवार युवकों के साथ उनकी कहासुनी भी हुई थी। डर के मारे बसंत ने अपने दोस्तों को मदद के लिए मौके पर बुलाया, लेकिन जब तक धीरज वहां पहुंचा, तब तक देर हो चुकी थी। धीरज को सड़क पर बसंत और रोहन लहूलुहान हालत में मिले।
Noida Hit and Run: केन्या से भागा चला आया बेबस पिता
हादसे की खबर मिलते ही बसंत के पिता हरि बहादुर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वह केन्या में एक सेफ्टी ऑफिसर के रूप में कार्यरत हैं। फोन पर जब छोटे बेटे ने रोते हुए कहा, “पापा, भैया को बचा लो, उनकी सांस नहीं चल रही,” तो वह तुरंत इमरजेंसी फ्लाइट लेकर भारत पहुंचे। गुरुवार को शोकाकुल परिवार न्याय की गुहार लगाने सेक्टर-37 पुलिस चौकी पहुंचा।
सीसीटीवी में कैद हुई संदिग्ध ‘काली कार’
परिजनों ने पुलिस को दो अहम सीसीटीवी फुटेज सौंपे हैं। इन वीडियो में देखा जा सकता है कि एक तेज रफ्तार कार बसंत की बाइक का पीछा कर रही है। हैरान करने वाली बात यह है कि हादसे के कुछ मिनट बाद वही कार दोबारा उसी रास्ते से बेहद तेज रफ्तार में वापस लौटती दिखी। धीरज का आरोप है कि कार सवारों ने जानबूझकर बाइक को टक्कर मारी या उन पर हमला किया।
पुलिस की कार्रवाई और स्थिति
नोएडा पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है। टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान के लिए आसपास के रूटों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बसंत के परिजनों ने कुछ कारणों से पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया था। दूसरे मृतक रोहन मंडल (बिहार निवासी) का अंतिम संस्कार उसके परिजनों द्वारा कर दिया गया है।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी वाहन और उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि, ‘रोड रेज’ और ‘पीछा करने’ की थ्योरी ने इस केस को पेचीदा बना दिया है।
ये भी पढ़े…इस बार ये दो दिग्गज होंगे गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि, क्या है भारत का यूरोपीय यूनियन से कनेक्शन? पढ़िए पूरी रिपोर्ट






