PM Modi attacks Mamata: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अपमान को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बंगाल की प्रबुद्ध जनता टीएमसी को नारी, आदिवासी और देश की राष्ट्रपति के अपमान के लिए कभी माफ नहीं करेगी।
टीएमसी सरकार ने आदिवासियों का किया बहिष्कार
पीएम मोदी ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मु संथाल आदिवासी परंपरा के एक बड़े उत्सव में शामिल होने के लिए पश्चिम बंगाल गई थीं, लेकिन टीएमसी सरकार ने उन्हें और आदिवासी समाज के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का बहिष्कार किया। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि देश की नारी शक्ति और आदिवासी समाज भी इस अपमान को माफ नहीं करेगा।
PM Modi attacks Mamata: महिला दिवस पर नारी शक्ति की तारीफ
इससे पहले, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पीएम मोदी ने नारी शक्ति की सराहना की और कहा कि भारत महिला सशक्तिकरण की नई गाथा लिख रहा है। उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में राजधानी में विकास के प्रयासों की भी तारीफ की। उन्होंने आगे कहा, “मैं पूरे देश की नारी शक्ति को आज महिला दिवस पर हृदय से बहुत-बहुत बधाई देता हूं और राष्ट्र के विकास में उनके असीमित योगदान के लिए ऋण स्वीकार करता हूं।”
पीएम ने आम आदमी पार्टी पर किया कटाक्ष
दिल्ली में 33,500 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के दौरान पीएम मोदी ने आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने दिल्ली के लाखों लोगों की सुविधा को राजनीतिक स्वार्थ के लिए नजरअंदाज किया। अगर यहां पर ‘आपदा सरकार’ (आम आदमी पार्टी सरकार) न होती तो ये मेट्रो फेज 4 प्रोजेक्ट बहुत पहले ही पूरा हो चुका होता।” पीएम मोदी ने बताया कि पहले प्रोजेक्ट फाइलों में दम तोड़ते थे, लेकिन अब परियोजनाएँ जमीन पर उतर रही हैं। भाजपा सरकार बनने के बाद दिल्ली में चौतरफा विकास तेजी से हुआ है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब दिल्ली में मेट्रो और आवासीय प्रोजेक्ट के विस्तार से नागरिकों को रोजमर्रा की सुविधा बेहतर होगी। उन्होंने यह भी कहा कि देश की राजधानी का विकास केवल एक शहर का विकास नहीं, बल्कि पूरे देश की छवि से जुड़ा है।
ये भी पढ़े… दिल्ली को 33,500 करोड़ की बड़ी सौगात, पीएम मोदी ने किया उद्घाटन






