PM Modi Malaysia Visit: मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में भारतीय संस्कृति की झलक उस वक्त देखने को मिली, जब नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारतीय सांस्कृतिक केंद्र (NSCBICC) ने पारंपरिक भारतीय नृत्य में सबसे अधिक कलाकारों की भागीदारी का रिकॉर्ड बना दिया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को मलेशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने प्रमाणित करते हुए संस्था को आधिकारिक सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। यह विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के अवसर पर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में सैकड़ों कलाकारों ने पारंपरिक भारतीय परिधान पहनकर विभिन्न शास्त्रीय और लोक नृत्य प्रस्तुत किए, जिसने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया।
स्वागत से अभिभूत दिखे प्रधानमंत्री मोदी
मलेशिया में मिले जोरदार स्वागत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यहां की गर्मजोशी भारत और मलेशिया के बीच साझा सांस्कृतिक विरासत की खूबसूरत विविधता को दर्शाती है। पीएम मोदी ने इस समारोह में शामिल होने के लिए मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम का आभार व्यक्त किया और दोनों देशों की दोस्ती व भविष्य की साझेदारी पर दिए गए उनके विचारों की सराहना की।
PM Modi Malaysia Visit: दो दिवसीय दौरे पर मलेशिया पहुंचे हैं पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के निमंत्रण पर 7 से 8 फरवरी तक के दो दिवसीय दौरे पर मलेशिया पहुंचे हैं। यह वर्ष 2015 के बाद उनकी मलेशिया की तीसरी यात्रा है। इस दौरान भारतीय प्रवासी समुदाय में पीएम मोदी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल पर पीएम मोदी मलेशियाई प्रधानमंत्री की कार में सवार होकर पहुंचे, जो दोनों देशों के मजबूत रिश्तों का प्रतीक माना जा रहा है।
क्या है मलेशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स?
PM Modi Malaysia Visit: मलेशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की स्थापना वर्ष 1995 में हुई थी। यह संस्था मलेशिया में होने वाली असाधारण और उल्लेखनीय उपलब्धियों का आधिकारिक रिकॉर्ड रखती है। इसका उद्देश्य उत्कृष्टता को बढ़ावा देना और राष्ट्रीय गौरव को प्रेरित करना है। इसके संस्थापक दातुक डैनी ओई ने वर्ष 1990 में इस विचार की परिकल्पना की थी, ताकि ऐसे कारनामों को दर्ज किया जा सके जो पहले किसी आधिकारिक मंच पर दर्ज नहीं हो पाए थे।







