Pm modi visit: पुडुचेरी को रविवार को विकास की बड़ी सौगात मिली, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र शासित प्रदेश में 2,700 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, नागरिक सुविधाओं का विस्तार करना और सतत विकास को गति देना है।
संतों और स्वतंत्रता सेनानियों की धरती
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पुडुचेरी आना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह भूमि सिद्ध संतों, कवियों और स्वतंत्रता सेनानियों की रही है। महाकवि सुब्रमण्यम भारती ने यहीं से राष्ट्रवाद की चेतना जगाई, जबकि श्री अरबिंदो और माता ने दुनिया को नया आध्यात्मिक दृष्टिकोण दिया।
Pm modi visit: ‘BEST पुडुचेरी’ विजन का जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि अपने पिछले दौरे के दौरान उन्होंने ‘BEST पुडुचेरी’ का मंत्र दिया था, जिसमें बिजनेस, एजुकेशन, स्पिरिचुअलिटी और टूरिज्म शामिल हैं। बीते साढ़े चार वर्षों में इस विजन के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि जब केंद्र और केंद्र शासित प्रदेश एक साथ मिलकर काम करते हैं, तो विकास तेजी से होता है।
डबल इंजन सरकार से तेज विकास
पीएम मोदी ने कहा कि पुडुचेरी ने प्रति व्यक्ति आय और सामाजिक प्रगति सूचकांक में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। अब एनडीए की डबल इंजन सरकार पुडुचेरी के विकास को और रफ्तार देगी। उन्होंने बताया कि इस साल के बजट में देशभर में इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए रिकॉर्ड 12 लाख करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जिससे पुडुचेरी को भी सीधा लाभ मिलेगा।
Pm modi visit: इन प्रमुख परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण
प्रधानमंत्री ने ‘पीएम ई-बस सेवा’ के तहत ई-बसों का संचालन शुरू किया। स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर और सीआईटीआईआईएस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए आवास परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया। साथ ही सीवरेज और जलापूर्ति से जुड़ी अहम योजनाओं की शुरुआत भी हुई।
शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग को बढ़ावा
प्रधानमंत्री मोदी ने एनआईटी कराईकल में एपीजे अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग ब्लॉक, जेआईपीएमईआर में क्षेत्रीय कैंसर केंद्र के आधुनिकीकरण और पांडिचेरी विश्वविद्यालय के नए भवनों का लोकार्पण किया। इसके अलावा 750 एकड़ में विकसित करासूर-सेदरापेट औद्योगिक क्षेत्र को राष्ट्र को समर्पित किया गया।
Pm modi visit: ग्रामीण सड़कें, विरासत शहर और मैंग्रोव संरक्षण
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 41 ग्रामीण सड़कों के निर्माण, पुडुचेरी को हेरिटेज टाउन के रूप में विकसित करने और मिष्टी योजना के तहत मैंग्रोव संरक्षण कार्यों का शिलान्यास भी किया गया। इन परियोजनाओं से रोजगार, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
Here is how we are empowering the youth of Puducherry… pic.twitter.com/mpyZLBOM4p
— Narendra Modi (@narendramodi) March 1, 2026
ये भी पढ़े…मिडिल ईस्ट तनाव : भारत ने जारी की एडवाइजरी, विदेशों में रह रहे नागरिकों को जरूरी निर्देश






