Rajasthan Cold Wave: राजस्थान में शीतलहर और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कड़ाके की ठंड को देखते हुए जयपुर जिला कलेक्टर ने 2 जनवरी से 10 जनवरी तक सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की चेतावनी दी है।
शीतलहर से बढ़ी ठंड, तापमान में गिरावट
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि रविवार से प्रदेश में ठंड और तेज होगी। कई इलाकों में रात का तापमान गिरकर 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। शीतलहर के कारण न्यूनतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। श्रीगंगानगर में हालात को देखते हुए आंगनवाड़ी केंद्र 10 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। गुरुवार को सिरोही में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Rajasthan Cold Wave: कोहरे से जनजीवन और परिवहन प्रभावित
जयपुर, सीकर सहित कई जिलों में बादल छाए रहने से ठंड और बढ़ गई है। गुरुवार देर रात से उत्तरी जिलों में घना कोहरा छा गया। शुक्रवार सुबह जयपुर, भरतपुर, सीकर और दौसा में विजिबिलिटी घटकर करीब 50 मीटर रह गई। जैसलमेर और उदयपुर में फ्लाइट संचालन प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
बारिश से किसानों को राहत, अलर्ट जारी
पिछले 24 घंटों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बीकानेर के डूंगरगढ़ में सबसे अधिक 26 मिमी बारिश हुई। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यह बारिश रबी फसलों के लिए लाभकारी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए कई जिलों में बहुत घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
ये भी पढ़ें… सब गोल मार है भाई! मौत के 9 साल बाद कागजों में जिंदा हुई मृत महिला, भागलपुर का ये ज़मीन घोटाला चौंका देगा






