RAJYASABHA ELECTION 2026: राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग से झटका खाने के बाद भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (कांग्रेस) ने ओडिशा में बागी विधायकों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी ने भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के पक्ष में वोट देने वाले तीन विधायकों को निलंबित कर दिया है।
इन विधायकों पर गिरी गाज
निलंबित विधायकों में सनाखेमुंडी से रमेश चंद्र जेना, मोहाना से दसरथी गोमांगो और कटक से सोफिया फिरदौस शामिल हैं। इन नेताओं ने पार्टी निर्देश के खिलाफ जाकर वोटिंग की, जिसे कांग्रेस ने “धोखा” करार दिया है। ओडिशा कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘कांग्रेस को धोखा देने वालों ने देश के साथ विश्वासघात किया है.’
RAJYASABHA ELECTION 2026: विधानसभा सदस्यता खत्म कराने की तैयारी
पार्टी के मीडिया सेल प्रभारी अरबिंद दास ने कहा कि पूरी प्रक्रिया की समीक्षा के बाद यह फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि इन विधायकों की विधानसभा सदस्यता समाप्त कराने के लिए स्पीकर को नोटिस भेजा जाएगा।
संविधान के तहत कार्रवाई
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा कि बागी विधायकों के खिलाफ संविधान की 10वीं अनुसूची (दल-बदल कानून) के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस कदम को जरूरी बताते हुए कहा कि पार्टी अनुशासन बनाए रखना बेहद महत्वपूर्ण है।
RAJYASABHA ELECTION 2026: बीजेडी विधायकों पर भी आरोप
ओडिशा में विपक्ष के साझा उम्मीदवार दत्तेश्वर होता की हार में भी भूमिका रही. बीजेडी के 8 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की थी. होता को बीजेडी ने उतारा था, जबकि कांग्रेस ने उनके समर्थन की घोषणा की थी.
हरियाणा और दूसरे राज्यों में भी असर
कांग्रेस का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई बिहार और हरियाणा में भी देखने को मिल सकती है, जहां पार्टी को क्रॉस वोटिंग से नुकसान हुआ है। हरियाणा में कांग्रेस उम्मीदवार को जीत तो मिली, लेकिन पार्टी की रणनीति कमजोर नजर आई। यहां कई विधायकों ने अलग रुख अपनाया और कुछ वोट अवैध घोषित हुए, जिससे पार्टी को अपेक्षित समर्थन नहीं मिल सका।
RAJYASABHA ELECTION 2026: अनुशासन पर सख्ती का संदेश
कांग्रेस के इस फैसले को पार्टी के भीतर अनुशासन बनाए रखने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। साथ ही यह संदेश भी दिया गया है कि भविष्य में पार्टी लाइन से हटकर वोटिंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढे़… सीएम योगी आदित्यनाथ को दी खुली चुनौती! इस इस्लामिक इन्फ्लुएंसर ने कहा-‘सड़कों पर पढ़ी जाएगी नमाज…’







