Ram Mandir: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के आगाज से पहले एक टीम के खिलाड़ियों और प्रबंधन ने शनिवार को अयोध्या पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में भगवान श्रीराम के दर्शन-पूजन किए। 28 मार्च से शुरू होकर 31 मई तक चलने वाले इस टूर्नामेंट से पहले खिलाड़ियों का यह आध्यात्मिक दौरा खास महत्व रखता है। मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर टीम ने अपनी आगामी यात्रा के लिए आशीर्वाद लिया।
ऋषभ पंत का ध्यानमग्न रूप बना चर्चा का विषय
दर्शन के दौरान विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत का एक अलग ही रूप देखने को मिला। वह मंदिर परिसर में करीब पांच मिनट तक शांत बैठकर ध्यानमग्न रहे। उनके इस आध्यात्मिक भाव ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं और अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया और पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
Ram Mandir: खिलाड़ियों ने विधि-विधान से किया पूजन
टीम के प्रमुख सदस्यों में तेज गेंदबाज मयंक यादव, कोच राजकुमार शर्मा और फ्रेंचाइजी मालिक संजीव गोयनका शामिल रहे। सभी ने श्रीरामलला और श्रीराम परिवार के दर्शन किए तथा भोग आरती में भाग लिया। दर्शन सहयोगी रजनीश शर्मा के अनुसार, करीब 20 खिलाड़ियों ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न की।
खेल और आस्था का अनोखा संगम
मंदिर प्रशासन ने खिलाड़ियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की थीं, जिससे दर्शन प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सकी। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी गोपाल और रामशंकर भी मौजूद रहे। टीम लखनऊ से अयोध्या पहुंची थी और दर्शन के बाद इकाना स्टेडियम के लिए रवाना हो गई। स्थानीय लोगों ने इस दौरे को खेल और आस्था के सुंदर संगम के रूप में सराहा।
ये भी पढ़ें…रेलवे रनिंग स्टाफ के लिए बड़ी खुशखबरी: KM अलाउंस 25% बढ़ा, 2 साल का एरियर भी मिलेगा







