Ram Navami Surya Tilak: रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार दोपहर ठीक 12 बजे अयोध्या में भगवान रामलला का सूर्य तिलक किया गया। प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह रामलला का दूसरा सूर्य तिलक है। अभिजीत मुहूर्त में हुए इस विशेष अनुष्ठान के दौरान लगभग 9 मिनट तक सूर्य की नीली किरणें सीधे भगवान के ललाट पर पड़ीं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दूरदर्शन पर इस दिव्य क्षण को देखा।

रामलला का जन्मोत्सव सूर्य तिलक के साथ मनाया गया
सूर्य तिलक होते ही भगवान रामलला के जन्म का प्रतीकात्मक उत्सव मनाया गया। इस दौरान गर्भगृह में 14 पुजारी उपस्थित रहे और उन्होंने विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई। पूजा के बाद भगवान की आरती की गई। सूर्य तिलक के बाद कुछ समय के लिए मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए। इसके बाद भगवान रामलला को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया।
सूर्य तिलक की व्यवस्था के लिए विशेष तकनीकी प्रणाली तैयार की गई है। इसमें अष्टधातु के 20 पाइपों से लगभग 65 फीट लंबा तंत्र बनाया गया है। चार लेंस और चार दर्पणों की सहायता से सूर्य की किरणों को गर्भगृह तक पहुंचाया गया, जिससे किरणें सीधे रामलला के मस्तक पर पड़ सकें।

Ram Navami Surya Tilak: फूलों से सजा गर्भगृह, सुबह हुई विशेष आरती
इससे पहले सुबह मंदिर के गर्भगृह को सुंदर फूलों से सजाया गया था। प्रातः 5:30 बजे रामलला की आरती की गई और भगवान को पीतांबर पहनाए गए। रामनवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं को सामान्य दिनों की तुलना में अधिक समय तक दर्शन का अवसर दिया गया।
रामनवमी के कारण आज दर्शन की अवधि बढ़ा दी गई। सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक यानी कुल 18 घंटे भक्तों को भगवान रामलला के दर्शन करने का अवसर मिला। सामान्य दिनों में दर्शन का समय सुबह 6:30 से रात 9:30 बजे तक रहता है।
रामनवमी के अवसर पर अयोध्या में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। अनुमान है कि करीब 10 लाख भक्त भगवान रामलला के दर्शन के लिए आए हैं। राम जन्मभूमि परिसर में लंबी-लंबी कतारें लगी हैं। राम पथ, भक्ति पथ और जन्मभूमि पथ पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिखाई दे रही है।

Ram Navami Surya Tilak: प्रधानमंत्री ने दूरदर्शन पर देखा सूर्य तिलक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दूरदर्शन पर रामलला का सूर्य तिलक देखा। इस दौरान वे हाथ जोड़कर श्रद्धा भाव से खड़े नजर आए। राम जन्मोत्सव के अवसर पर पूरी अयोध्या में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। शहर के लगभग 10 हजार मंदिरों में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना कर रहे हैं।

रामनवमी के अवसर पर जौनपुर से एक अनोखे भक्त भी अयोध्या पहुंचे हैं। मनीष पाल नाम के इस श्रद्धालु ने चावल के दाने पर प्रभु श्रीराम का नाम उकेरकर लोगों में निःशुल्क बांटने का अनूठा कार्य शुरू किया है। उन्होंने बताया कि राम मंदिर निर्माण को लेकर उन्होंने एक संकल्प लिया था। मंदिर बनने के बाद से वे चावल के दाने पर श्रीराम का नाम लिखकर श्रद्धालुओं में बांट रहे हैं।उन्होंने बताया कि इससे पहले वे माघ मेला के दौरान भी एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं को श्रीराम नाम लिखे चावल वितरित कर चुके हैं।
ये भी पढ़ें…ट्रंप का चौकाने वाला बयान, ट्रंप ने स्थगित किया ईरान पर हमला, तेल टैंकर का किया खुलासा







