Republic Day 2026: भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिन उन वीर सपूतों को याद करने और उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर है, जिन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए और अद्वितीय साहस का परिचय दिया।
अमर शहीदों को नमन और सम्मान
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किए गए अपने संदेश में सेना प्रमुख ने कहा कि 77वां गणतंत्र दिवस हमें उन अमर नायकों की वीरता और बलिदान को स्मरण करने का अवसर देता है, जिनके अदम्य साहस और त्याग के कारण भारत की स्वतंत्रता, संप्रभुता और अखंडता सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि यह दिन पूरे देश के लिए गर्व और सम्मान का प्रतीक है।
जनरल द्विवेदी ने यह भी कहा कि गणतंत्र दिवस हमें भारतीय संविधान की महत्ता की याद दिलाता है। संविधान हमारे लोकतंत्र की नींव है और यह हर नागरिक के अधिकारों और कर्तव्यों का मार्गदर्शन करता है। उन्होंने कहा कि संविधान ही देश को एकजुट रखता है और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाता है।

Republic Day 2026: विकसित भारत 2047 का संकल्प
सेना प्रमुख ने कहा कि जैसे-जैसे भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे एक सुरक्षित, स्थिर और सक्षम भारत के निर्माण के लिए सभी नागरिकों को ईमानदारी, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करना होगा। उन्होंने इसे सभी की साझा जिम्मेदारी बताया।
भारतीय सेना की भूमिका पर बात करते हुए जनरल द्विवेदी ने कहा कि सेना पूरी सतर्कता और दृढ़ संकल्प के साथ देश की सेवा में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि सीमाओं की रक्षा से लेकर आपदा राहत कार्यों और राष्ट्र निर्माण तक, भारतीय सेना हर मोर्चे पर देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस राष्ट्रीय यात्रा में हर नागरिक के सहयोग, विश्वास और एकता के लिए आभार भी जताया।
इस बीच, भारतीय सेना ने गणतंत्र दिवस की तैयारियों से जुड़ा एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें सेना की ताकत और अनुशासन की झलक दिखाई गई है। वीडियो में बताया गया है कि गणतंत्र दिवस 2026 की तैयारियों के तहत सेना की टुकड़ियां पूरी सटीकता, गर्व और निरंतर अभ्यास के साथ परेड की रिहर्सल कर रही हैं।
नई भैरव यूनिट्स पहली बार शामिल
वीडियो में अलग-अलग सैन्य टुकड़ियों की मार्चिंग, आधुनिक हथियारों का प्रदर्शन और चरणबद्ध युद्ध संरचना को दिखाया गया है। जानकारी के अनुसार, इस बार गणतंत्र दिवस परेड में भारतीय सेना की छह मार्चिंग टुकड़ियां शामिल होंगी। इनमें एक टुकड़ी नई गठित ‘भैरव यूनिट्स’ की भी होगी, जो तेज गति से कार्रवाई करने और सीमावर्ती अभियानों के लिए प्रशिक्षित हल्की कमांडो बटालियन हैं।
ये भी पढ़े..गणतंत्र दिवस 2026: 77वें गणतंत्र दिवस पर देशभक्ति का जश्न, कर्तव्य पथ पर भारत की ताकत का प्रदर्शन







