Rinku Singh Father Death: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा खिलाड़ी रिंकू सिंह के परिवार में गहरा दुख छा गया है। उनके पिता खचंद्र सिंह का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्होंने ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में आखिरी सांस ली। वह काफी समय से स्टेज-4 लिवर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे।
अचानक तबीयत बिगड़ी, हालत बेहद नाजुक
कुछ दिनों पहले उनकी तबीयत अचानक बहुत ज्यादा खराब हो गई थी। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया था कि उनकी हालत बेहद नाजुक थी। उन्हें कई दिनों तक मैकेनिकल वेंटिलेटर पर रखा गया। इसके साथ ही उनकी किडनी सही तरह से काम नहीं कर रही थी, इसलिए उन्हें लगातार रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी भी दी जा रही थी। डॉक्टर पूरी कोशिश कर रहे थे, लेकिन कैंसर अंतिम स्टेज में होने के कारण उनकी सेहत में सुधार नहीं हो पा रहा था।

Rinku Singh Father Death: पिता की हालत सुन तुरंत घर लौटे
जब रिंकू सिंह को अपने पिता की बिगड़ती हालत की जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत भारतीय टीम का साथ छोड़ दिया। उस समय वह टी20 विश्व कप की तैयारियों के लिए चेन्नई में टीम के साथ थे। टीम इंडिया एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में अभ्यास कर रही थी, लेकिन रिंकू वहां मौजूद नहीं थे। बाद में पता चला कि वह अपने पिता की गंभीर स्थिति के कारण तुरंत अपने घर अलीगढ़ के लिए रवाना हो गए थे।

जिंदगी की जंग हार गए पिता
खचंद्र सिंह पिछले कुछ दिनों से जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे थे। अस्पताल में डॉक्टर उनकी जान बचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे थे, लेकिन उनकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। आखिरकार उन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
28 वर्षीय रिंकू सिंह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के रहने वाले हैं। उन्होंने काफी संघर्ष के बाद भारतीय क्रिकेट टीम में अपनी जगह बनाई है। आज इस मुश्किल समय में पूरा क्रिकेट जगत और उनके प्रशंसक उनके साथ खड़े हैं और उनके परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।






