Rohit Shetty Firing Case: जुहू में निर्देशक और निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच से कई अहम और चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जांच में पता चला है कि इस हमले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े आरोपी शामिल थे, जिन्होंने वारदात से पहले कई दिनों तक रोहित शेट्टी के घर और आसपास के इलाके की रेकी की थी।
स्कूटर से फायरिंग और फरारी
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि जिस स्कूटर से रेकी की गई, उसी स्कूटर का इस्तेमाल फायरिंग के बाद भागने के लिए भी किया गया। अज्ञात शूटर ने रोहित शेट्टी के घर के बाहर पांच राउंड फायरिंग की और तुरंत उसी स्कूटर पर बैठकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद वह विले पार्ले रेलवे स्टेशन पहुंचा, जहां स्कूटर छोड़कर ट्रेन से मुंबई के बाहर निकल गया।

जांच के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल किया गया स्कूटर पुणे से 30 हजार रुपये में खरीदा गया था। यह स्कूटर मूल रूप से आनंद मारोटे के नाम पर पंजीकृत था, जिन्होंने इसे 6 अगस्त 2009 को खरीदा था। घटना से करीब 12 दिन पहले, मारोटे ने यह स्कूटर गिरफ्तार आरोपी आदित्य गायकवाड़ को 30 हजार रुपये में बेच दिया। इस सौदे के लिए पैसे कथित मास्टरमाइंड शुभम लोनकर ने दिए थे।
Rohit Shetty Firing Case: पुणे से खरीदा गया वाहन
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, समर्थ पोमाजी के निर्देश पर सिद्धार्थ येनपुरे और स्वप्नील सकट स्कूटर को पुणे से सड़क मार्ग के जरिए लोनावाला ले जाने की कोशिश कर रहे थे, ताकि उसे शूटर को सौंपा जा सके। हालांकि शूटर लोनावाला नहीं पहुंच सका, इसलिए आरोपियों ने घटना से करीब 10 दिन पहले स्कूटर को मुंबई पहुंचाया और वहां अज्ञात शूटर को सौंप दिया। इसके बदले उन्हें अतिरिक्त पैसे भी दिए गए।
पुलिस ने बताया कि जिन आरोपियों ने स्कूटर मुंबई पहुंचाया, उन्हें यह तो पता था कि वे किसी आपराधिक साजिश का हिस्सा हैं, लेकिन उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि निशाना रोहित शेट्टी का घर है। जांच में यह भी सामने आया है कि समर्थ पोमाजी ने मुख्य शूटर की सक्रिय रूप से मदद की।

मुख्य साजिशकर्ता की तलाश
पुलिस के अनुसार, शुभम लोनकर के निर्देश पर समर्थ ने आदित्य गायकवाड़ की मदद से स्कूटर की व्यवस्था की और पूरी साजिश में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समर्थ लगातार शुभम लोनकर के संपर्क में था और सिग्नल ऐप के जरिए उससे नियमित बातचीत करता था। इन्हीं निर्देशों के आधार पर समर्थ ने कथित तौर पर फायरिंग की पूरी योजना तैयार की।
इस मामले में पुलिस ने अब तक आदित्य गायकवाड़, सिद्धार्थ येनपुरे, समर्थ पोमाजी और स्वप्नील सकट को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल जांच जारी है और पुलिस मुख्य साजिशकर्ता शुभम लोनकर की तलाश में जुटी हुई है।
ये भी पढ़े…देहरादून से अगरतला तक फ्लाइट शेड्यूल बिगड़ा, इंडिगो की ग्राउंड टीमें अलर्ट पर







