Sitapur News: सीतापुर जनपद में संचालित विभिन्न गन्ना क्रय केन्द्रों पर गन्ना उतराई के नाम पर किसानों से अवैध वसूली की मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिला गन्ना अधिकारी, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक हरगाँव, बिसवां, रामगढ़, जवाहरपुर तथा संबंधित सहकारी गन्ना विकास समितियों की कुल 8 टीमें पूरे जनपद में विशेष अभियान पर उतारी गईं। अभियान के दौरान विभिन्न चीनी मिलों के गेट एवं क्रय केन्द्रों का गहन निरीक्षण कर किसानों को उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, अलाव आदि का सत्यापन किया गया। जिन केन्द्रों पर व्यवस्थाएं अपर्याप्त पाई गईं, वहाँ संबंधित चीनी मिल प्रबंधन को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
शुल्क वसूले जाने की शिकायत
निरीक्षण के दौरान कई किसानों ने ठेकेदारों द्वारा उतराई शुल्क वसूले जाने की शिकायत की। इस पर प्रशासन ने संबंधित ठेकेदारों को अंतिम चेतावनी जारी करते हुए चीनी मिलों को उनकी कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। गन्ना निरीक्षक एवं सहायक चीनी आयुक्त को भी विधिक कार्रवाई हेतु रिपोर्ट प्रेषित कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि अवैध उतराई शुल्क की शिकायतें दोबारा प्राप्त होती हैं, तो संबंधित ट्रांसपोर्टरों को ब्लैकलिस्ट कर भविष्य में गन्ना ढुलाई से पृथक कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, गन्ना तौल में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा घटतौली एवं शिकायतों के निराकरण के लिए हर बुधवार एवं शुक्रवार को जिला गन्ना अधिकारी, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक तथा सहकारी समितियों की संयुक्त टीम द्वारा नियमित अभियान चलाया जाएगा।

Sitapur News: किसान भाइयों से अपील
प्रशासन ने गन्ना किसानों से किसी भी प्रकार की अव्यवस्था मिलने पर तुरंत अपने स्थानीय ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, सचिव सहकारी गन्ना विकास समिति या चीनी मिल प्रबंधक से संपर्क करने को कहा है। सभी अधिकारियों के मोबाइल नंबर क्रय केन्द्रों पर प्रदर्शित हैं। साथ ही किसानों को गन्ना पत्ती न जलाने की सलाह दी गई है। चेतावनी देते हुए कहा गया है कि पत्ती जलाए जाने पर संबंधित किसान का सट्टा बंद भी किया जा सकता है।
Report By: कुलदीप कुमार राठौर
ये भी पढ़े… Sitapur News: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में 493 हिंदू और मुस्लिम समुदाय की बेटियों की कराई गई शादी






