Sunil Lahri Fans Story: रामानंद सागर की दूरदर्शन पर प्रसारित हुई ‘रामायण’ ने अभिनेता सुनील लहरी को घर-घर में पहचान दिलाई। इस शो में उन्होंने श्रीराम के छोटे भाई ‘लक्ष्मण’ का किरदार निभाया।39 साल बाद भी फैंस जब ऑनस्क्रीन ‘राम’ और ‘लक्ष्मण’ से मिलते हैं, तो उन पर वही प्यार बरसाते हैं। लेकिन कभी-कभी यही चाहने वाले अपनी हद पार कर देते हैं। ऐसा ही कुछ अनुभव सुनील लहरी को भी हुआ।

बिल्डिंग में घुसा अजनबी
सुनील लहरी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर फैंस से जुड़ा यह किस्सा साझा किया। उन्होंने कहा, “मैं एक बहुत ही दिलचस्प कहानी आप सभी के साथ शेयर करना चाहता हूं, जो मुझे ‘रामायण’ के दिनों की याद दिला रही है। कुछ दिनों पहले कोई मेरी बिल्डिंग में मुझसे मिलने के लिए आया और उसने खुद को मेरा रिश्तेदार बताया। जब हमारी सिक्योरिटी ने चेक किया, तो उन्हें पता चला कि वह शख्स झूठ बोल रहा है। उन्होंने उसे तुरंत वहां से भगा दिया।”

Sunil Lahri Fans Story: फैन ने पहचान ही नहीं पाया
सुनील लहरी ने इसके अलावा एक और घटना भी याद की। उन्होंने बताया कि एक बार वे लंबे समय तक धूप में शूटिंग कर रहे थे और उनका 2-3 दिन का ब्रेक था। उस समय उनकी दाढ़ी नहीं थी और बालों में तेल लगाया हुआ था।“जब मैं स्टूडियो के गेट के पास पहुंचा, तो वहां पर एक शख्स खड़ा था। वह मेरे पास आया और बोला- ‘मुझे सुनील लहरी से मिलना है।’ मैंने उससे पूछा कि वह कौन है? तो उसने बोला- ‘मैं उनका भाई हूं, भोपाल से आया हूं।’ वह मुझसे मिलने आया था, लेकिन मुझे ही नहीं पहचान पाया। वह मेरा भाई होने का झूठा दिखावा कर रहा था।”
अजनबी भी बन जाते हैं रिश्तेदार
सुनील लहरी ने यह किस्सा इसलिए साझा किया क्योंकि उन्हें इससे यह समझ आया कि“जब इंसान का समय सही होता है, तो अजनबी भी रिश्तेदार बन जाते हैं।”







