T20 Final: गुजरात के अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 विश्व कप का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस बड़े मुकाबले को लेकर देशभर के क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में प्रशंसक अहमदाबाद पहुंच रहे हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पश्चिमी रेलवे ने मुंबई और अहमदाबाद के बीच विशेष सुपरफास्ट ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।
क्रिकेट प्रशंसकों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था
पश्चिमी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने बताया कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले फाइनल मुकाबले को देखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन ट्रेनों के संचालन से क्रिकेट प्रेमियों को काफी राहत मिलेगी और वे आसानी से अहमदाबाद पहुंचकर मैच का आनंद ले सकेंगे। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।
T20 Final: मुंबई से अहमदाबाद के बीच चलेगी सुपरफास्ट ट्रेन
रेलवे के अनुसार मुंबई सेंट्रल से रात 11 बजकर 34 मिनट पर विशेष सुपरफास्ट ट्रेन रवाना होगी, जो बांद्रा टर्मिनस होते हुए अहमदाबाद पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन रविवार और सोमवार की रात लगभग 3 बजे चलेगी। इसके अलावा रविवार को सुबह 6 बजकर 20 मिनट पर एक और विशेष ट्रेन मुंबई से रवाना होगी, जो दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर अहमदाबाद पहुंचेगी। इन ट्रेनों में प्रथम वातानुकूलित और तृतीय वातानुकूलित कोच उपलब्ध रहेंगे।
फाइनल मुकाबले को लेकर देशभर में उत्साह
टी-20 विश्व कप के फाइनल को लेकर देशभर में उत्साह का माहौल है। भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को सात रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया है, जबकि न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद है कि फाइनल में रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा और बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम ट्रॉफी अपने नाम करेगी।






