T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सोमवार को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान पर क्रिकेट फैंस को एक अभूतपूर्व मुकाबला देखने को मिला। ग्रुप C के इस मैच में स्कॉटलैंड ने इटली के खिलाफ ऐसी आतिशी बल्लेबाज़ी की, जिसने वर्ल्ड कप के इतिहास के पन्नों में एक नया रिकॉर्ड दर्ज कर दिया है।
We have set a target of 208 against Italy!#T20WorldCup #FollowScotland #ChooseCricket pic.twitter.com/YuXZDAmvYf
— Cricket Scotland (@CricketScotland) February 9, 2026
T20 World Cup 2026: एसोसिएट क्रिकेट का नया कीर्तिमान
स्कॉटलैंड अब टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में 200 रनों का आंकड़ा पार करने वाली पहली एसोसिएट टीम बन गई है। निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 207 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर स्कॉटलैंड ने विश्व क्रिकेट को अपनी ताकत का अहसास कराया। इससे पहले अमेरिका और नीदरलैंड जैसी टीमें 190 के करीब पहुंची थीं, लेकिन 200 की जादुई संख्या तक कोई नहीं पहुंच सका था।
टी20 वर्ल्ड कप में एसोसिएट टीमों के टॉप स्कोर:
स्कॉटलैंड: 207/4 (बनाम इटली, 2026)
अमेरिका: 197/3 (बनाम कनाडा, 2024)
कनाडा: 194/5 (बनाम अमेरिका, 2024)
नीदरलैंड: 193/4 (बनाम आयरलैंड, 2014)
T20 World Cup 2026: जॉर्ज मुन्से का विस्फोट इटली के गेंदबाज़ हुए बेअसर
स्कॉटलैंड की इस रिकॉर्ड-तोड़ पारी के हीरो सलामी बल्लेबाज़ जॉर्ज मुन्से रहे। मुन्से ने ईडन की पिच पर चौकों-छक्कों की बरसात करते हुए मात्र 54 गेंदों में 84 रनों की पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 14 शानदार चौके और 2 गगनचुंबी छक्के जड़े। हालांकि, 41 रन के स्कोर पर उन्हें एक जीवनदान भी मिला, जिसका फायदा उठाते हुए उन्होंने इटली के गेंदबाज़ी आक्रमण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
ओपनिंग पार्टनरशिप ने रखी मज़बूत नींव
मुन्से को दूसरे छोर पर माइकल जोन्स का बखूबी साथ मिला। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 126 रनों की शतकीय साझेदारी की, जिसने इटली को मैच में शुरू से ही बैकफुट पर धकेल दिया। जोन्स ने संयम के साथ खेलते हुए 30 गेंदों में 37 रन बनाए और मुन्से को खुलकर खेलने का मौका दिया।
मैकमुलन और लीस्क का फिनिशिंग टच
पारी के अंतिम ओवरों में ब्रेंडन मैकमुलन और माइकल लीस्क ने तूफानी अंदाज़ अपनाया। मैकमुलन ने महज़ 18 गेंदों पर नाबाद 41 रन ठोक दिए, जिसमें 4 शानदार छक्के शामिल थे। वहीं, मैच का मुख्य आकर्षण माइकल लीस्क की पारी रही, जिन्होंने सिर्फ 5 गेंदों में 22 रन बनाकर स्कोर को 200 के पार पहुँचाया। उन्होंने थॉमस ड्रेका के आखिरी ओवर में 22 रन बटोरकर ईडन गार्डन्स में मौजूद दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
ये भी पढ़ें…अनिरुद्धाचार्य की कथा में मची भगदड़ पुलिस को करना पड़ा बल प्रयोग







