T20 World Cup 2026: भारतीय क्रिकेट टीम ने पुरुष टी20 विश्व कप 2026 की तैयारियों के बीच अपनी बल्लेबाजी रणनीति को पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है पावरप्ले में आक्रामक खेल, तेज शुरुआत और टीम की गहराई के दम पर बड़ा स्कोर। इस सोच को मैदान पर साकार किया ईशान किशन ने, जिन्होंने गुरुवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ विस्फोटक पारी खेली।
24 गेंदों में 61 रन, पावरप्ले में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
ईशान किशन ने मात्र 24 गेंदों में 61 रन ठोकते हुए भारत की रिकॉर्ड 93 रन की जीत की मजबूत नींव रखी। उनकी पारी में छह चौके और पांच छक्के शामिल रहे। इस आक्रामक शुरुआत की बदौलत भारत ने पावरप्ले के छह ओवर में 86 रन बनाए, जो टूर्नामेंट में अब तक का सर्वश्रेष्ठ पावरप्ले स्कोर है। हालांकि, इसके बाद मध्य ओवरों में भारत को दो झटके लगे और टीम थोड़ी लड़खड़ाई, लेकिन अंततः स्कोर 209 रन तक पहुंचा।
T20 World Cup 2026: पावरप्ले के आखिरी ओवर में तूफान
पावरप्ले के अंतिम ओवर में ईशान किशन ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने लगातार चार छक्के और एक चौका लगाते हुए ओवर से 28 रन बटोरे। इसके साथ ही भारत ने सिर्फ 6.5 ओवर में 100 रन पूरे कर लिए, जो टूर्नामेंट में सबसे तेज टीम शतक का नया रिकॉर्ड है।
ईशान किशन: सिचुएशन के अनुसार खेलने पर जोर
मैच के बाद ईशान किशन ने कहा, “हम सभी अच्छे टच में हैं और जितना हो सके पावरप्ले का इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं। हर मैच की सिचुएशन अलग होती है। पाकिस्तान के खिलाफ हालात अलग होंगे, इसलिए जरूरी है कि विकेट, गेंद और गेंदबाजों को जल्दी समझा जाए। अगर जरूरत पड़ी तो सिंगल लेकर स्ट्राइक भी दूंगा।” उन्होंने माना कि शीर्ष तीन बल्लेबाजों में से किसी एक का लंबी पारी खेलना टीम के लिए बेहद अहम है।
T20 World Cup 2026: परिपक्वता और वापसी की कहानी
ईशान किशन का मानना है कि वे अब पहले से कहीं ज्यादा परिपक्व हो चुके हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि पहले वे ज्यादा मस्ती करते थे, लेकिन अब पूरा फोकस बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग पर है। मुख्य कोच गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में उन्होंने अपने खेल में निरंतरता लाई है।
आंकड़े जो भरोसा दिलाते हैं
टीम में वापसी के बाद ईशान किशन ने साल 2026 में अब तक 6 पारियां 296 रन , औसत 49.33, स्ट्राइक रेट 222.55 के साथ खुद को भारत के सबसे प्रभावी टी20 बल्लेबाजों में शामिल कर लिया है।
T20 World Cup 2026: संघर्ष के बाद मजबूत वापसी
वर्ष 2023 के एकदिवसीय विश्व कप के बाद टीम से बाहर होने और केंद्रीय अनुबंध गंवाने के बावजूद, ईशान किशन ने घरेलू क्रिकेट में लगातार मेहनत की। दो साल की कड़ी मेहनत का नतीजा अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर साफ दिख रहा है।
ये भी पढ़े़… “तिहाड़ में राजपाल यादव: चेक बाउंस केस में आम कैदी जैसी दिनचर्या कर रहे पालन”






