T20 World Cup Final: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मैच रविवार को शाम 7 बजे से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला बेहद खास माना जा रहा है क्योंकि दोनों टीमें खिताब जीतने के लिए मैदान में उतरेंगी।
महाकाल मंदिर में टीम इंडिया पूजा
इस खास मौके पर उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा की गई। इस पूजा का मुख्य उद्देश्य भारतीय टीम की जीत के लिए आशीर्वाद लेना था। पूजा के दौरान भारतीय टीम के खिलाड़ियों की तस्वीरें भी रखी गईं और भगवान शिव का जल और दूध से अभिषेक किया गया। अक्षय पुजारी ने बताया कि रंगपंचमी के अवसर पर भगवान महाकाल से प्रार्थना की गई कि वह भारतीय टीम को टी20 विश्व कप के फाइनल में जीत दिलाएं। महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज ने भी कहा कि उन्होंने बाबा महाकाल से निवेदन किया है कि भारतीय टीम न्यूजीलैंड को हराकर विश्व चैंपियन बने।

T20 World Cup Final: भारत की जीत के लिए दुआएं जारी
भरुच के रहने वाले जयेश ने भी भगवान महादेव से भारतीय टीम की जीत की प्रार्थना की। इसके अलावा राजस्थान के चुरु में भी क्रिकेट प्रशंसकों ने टीम इंडिया के विश्व चैंपियन बनने के लिए दुआ मांगी।
कुछ युवा फैंस का मानना है कि फाइनल मैच में भारत और न्यूजीलैंड दोनों टीमों पर दबाव रहेगा। उनके अनुसार भारतीय टीम को सिर्फ जीत नहीं हासिल करनी है, बल्कि इतिहास भी बदलना है। फैंस चाहते हैं कि भारतीय टीम टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी पहली जीत दर्ज करे। अगर भारत टॉस जीतता है और पहले बल्लेबाजी करता है, तो बड़ा स्कोर बनाना टीम के लिए फायदेमंद हो सकता है।

जीत के लिए 200+ स्कोर जरूरी
फैंस का यह भी कहना है कि अगर भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए लगभग 200 रन का स्कोर खड़ा करने में सफल रहती है और न्यूजीलैंड के ओपनर बल्लेबाजों फिन एलन और टिम साइफर्ट का विकेट शुरुआती ओवरों में ही निकाल लेती है, तो भारत की जीत की संभावना काफी बढ़ सकती है।
भारतीय टीम लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप जीतने के करीब है। अगर टीम इंडिया यह खिताब जीत लेती है, तो यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि होगी क्योंकि भारत लगातार दो टी20 विश्व कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन जाएगी और कुल मिलाकर तीन टी20 विश्व कप खिताब जीतने वाली भी पहली टीम बन सकती है।
ये भी पढ़ें…T20 Final: विश्व कप फाइनल के लिए अहमदाबाद को स्पेशल ट्रेन चलाएगा पश्चिमी रेलवे






