T20 World: 5 मार्च को होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल-2 में टीम इंडिया का मुकाबला इंग्लैंड से होगा। यह हाई-वोल्टेज मुकाबला मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पूरे देश में भारत की जीत के लिए पूजा-अर्चना और हवन आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि नन्हे फैंस भी टीम इंडिया से दमदार प्रदर्शन की उम्मीदें लगाए हुए हैं।
हवन और पूजा-अर्चना से बढ़ी उम्मीदें
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में भारतीय टीम की जीत के लिए हवन आयोजित किया गया। मंदिर में संतों ने भारतीय टीम के पोस्टर पर तिलक लगाकर पूजा की। वहीं, मुंबई में नन्हे क्रिकेट फैंस ने भी अपने विश्वास का इजहार किया और उम्मीद जताई कि टीम इंडिया इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में जीत हासिल करेगी।
T20 World: भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल मुकाबला
टी20 विश्व कप के इतिहास में यह तीसरा मौका है जब भारत और इंग्लैंड सेमीफाइनल में एक-दूसरे से भिड़ेंगे। भारत ने 2024 में इंग्लैंड को 68 रनों से हराया था, जबकि 2022 में इंग्लैंड ने भारत को 10 विकेट से हराया था। इस बार भारतीय टीम वानखेड़े स्टेडियम में जीत का इतिहास दोहराने की कोशिश करेगी।
भारत का पलड़ा भारी, टीम इंडिया की मजबूत स्थिति
टी20 फॉर्मेट में भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 29 मुकाबले हुए हैं, जिनमें से भारत ने 17 और इंग्लैंड ने 12 मैच जीते हैं। भारतीय टीम ने सुपर-8 राउंड में जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है, वहीं इंग्लैंड ने अपनी सभी सुपर-8 मैचों में जीत हासिल की है। अब भारत इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में अपने शानदार रिकॉर्ड को बनाए रखने के इरादे से मैदान में उतरेगा।






