TN Election 2026: अभिनेता और तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के प्रमुख विजय ने आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए बड़ा कदम उठाया है। रविवार को उन्होंने अपनी पहली चुनावी पारी की शुरुआत करते हुए घोषणा की कि वह चेन्नई के पेरम्बेर और तिरुचिरापल्ली (त्रिची) ईस्ट विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी की बैठक में उन्होंने कहा कि इन दोनों सीटों पर उनके उम्मीदवार का नाम ‘सी. जोसेफ विजय’ होगा।

प्रमुख नेताओं को मिला टिकट
पार्टी की बैठक में TVK प्रमुख ने उम्मीदवारों की सूची जारी की, जिसमें कई वरिष्ठ नेताओं को प्रमुख और रणनीतिक सीटों से मैदान में उतारा गया। इस सूची में एन आनंद, अधव अर्जुन, आर अरुणराज, सी टी आर निर्मल कुमार और के ए सेंगकोट्टैयान जैसे नेता शामिल हैं। इन्हें टी नगर, विल्लीवाक्कम, गोबिचेट्टीपलयम और तिरुप्परनकुंड्रम जैसी महत्वपूर्ण सीटों से चुनाव लड़ने के लिए नामित किया गया।

टीवीके और डीएमके के बीच चुनावी मुकाबला
विजय ने अपने उम्मीदवारों से भ्रष्टाचार के खिलाफ शपथ दिलाई और कहा कि उनके उम्मीदवार उनके विचारों से अलग नहीं हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि डीएमके की तानाशाही को रोकने के लिए यह चुनाव जीतना बेहद जरूरी है। विजय ने यह भी बताया कि उन्होंने ऐसे उम्मीदवारों का चयन किया है जो जनता के साथ खड़े रहेंगे और जिन पर उन्हें भरोसा है। उन्होंने कहा कि वह हर जगह मौजूद नहीं रह सकते, इसलिए भरोसेमंद और प्रतिबद्ध उम्मीदवारों को मैदान में उतारा गया है। उन्होंने इस चुनाव को एक सीधा मुकाबला बताते हुए कहा कि यह जनता के गठबंधन और सत्ताधारी डीएमके के नेतृत्व वाले एम. के. स्टालिन के बीच होगा। उन्होंने इसे “समझौता गठबंधन” करार दिया और बताया कि यह लड़ाई उनकी जन टीम और स्टालिन सर की टीम के बीच होगी।

विजय ने घोषणापत्र जारी किया
विजय ने युवाओं के लिए एक विशेष “गारंटी एजेंडा” पेश किया, जिसमें शिक्षा और रोजगार पर जोर दिया गया। उन्होंने राज्य को ड्रग्स से पूरी तरह मुक्त करने का वादा किया। इसके अलावा, कक्षा 12वीं से पीएचडी तक के छात्रों के लिए 20 लाख रुपये तक का बिना गारंटी लोन देने, सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता लाने, बेरोजगारी भत्ते और इंटर्नशिप की सुविधा देने, और नए उद्यमियों को विशेष सहायता प्रदान करने के वादे भी घोषणापत्र में शामिल किए गए।
यह भी पढे़ : ईरानी मीडिया की अमेरिकी सैनिकों को चेतावनी, ‘नरक में आपका स्वागत है’, 3500 अमेरिकी सैनिक मध्य पूर्व पहुंचे







