Union Budget: भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह ने कहा है कि केंद्र सरकार द्वारा पेश किया गया आम बजट 2026-27 देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ समाज के हर वर्ग को लाभ पहुंचाने वाला है। शनिवार को शाहजहांपुर स्थित जिला सहकारी बैंक के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने बजट की प्रमुख विशेषताओं पर विस्तार से जानकारी दी।
‘विकसित भारत’ के संकल्प की दिशा में बड़ा कदम
दुर्विजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तैयार यह बजट ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बजट तीन प्रमुख आधारों—आर्थिक विकास को गति देना, जन आकांक्षाओं को पूरा करना और सबका साथ-सबका विकास—पर केंद्रित है। उन्होंने बताया कि इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर विशेष जोर दिया गया है और सार्वजनिक पूंजीगत व्यय को बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये किया गया है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
Union Budget: किसानों, युवाओं और महिलाओं पर विशेष फोकस
भाजपा नेता ने कहा कि बजट में किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को रोजगार देने और शिक्षा-स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए कई अहम प्रावधान किए गए हैं। महिला सशक्तिकरण को बजट का प्रमुख स्तंभ बताते हुए उन्होंने कहा कि महिला कल्याण के लिए 28,183 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। ‘लखपति दीदी’ योजना के विस्तार और महिला श्रम शक्ति भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है।
आत्मनिर्भर भारत को मिलेगी नई गति
दुर्विजय सिंह ने बताया कि बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक जिले में छात्रावास बनाने की योजना है। इसके साथ ही बायोफार्मा शक्ति मिशन के तहत 10,000 करोड़ रुपये का आवंटन, इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 और एमएसएमई सेक्टर को मजबूत करने जैसे कदम आत्मनिर्भर भारत को नई गति देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
ये भी पढ़ें…दिल्ली में भाजपा सरकार के एक साल पूरे, जनता के बीच पेश होगा रिपोर्ट कार्ड







