UP Encounter News: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के बीच सहारनपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 1 लाख रुपये का इनामी अपराधी शहजाद मारा गया है। लंबे समय से फरार चल रहा यह आरोपी पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। जिसकी तलाश लगातार जारी थी। पुलिस के मुताबिक, फतेहपुर थाना क्षेत्र के गंदेवड़ा गांव निवासी शहजाद एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर था, जो संगठित अपराध और गोकशी जैसे मामलों में सक्रिय था। उसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। बढ़ते अपराधों और फरारी के चलते पुलिस ने उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
घेराबंदी के बाद मुठभेड़
सूचना मिलने पर पुलिस ने इलाके में सघन घेराबंदी की। जैसे ही शहजाद पुलिस के घेरे में आया, उसने बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें शहजाद घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस दौरान पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद किया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है, ताकि सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके।
UP Encounter News: लगातार मुठभेड़ों से अपराधियों में खौफ
आपको बता दें कि प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर तेजी से काम हो रहा है। पिछले कुछ समय में यूपी पुलिस ने कई इनामी और वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर उन्हें या तो गिरफ्तार किया है या मुठभेड़ों में ढेर किया है। कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे इन अभियानों का असर साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। लगातार हो रही कार्रवाई से अपराधियों में डर का माहौल बना है और कई अपराधी आत्मसमर्पण करने को मजबूर हुए हैं।

वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में अपराध के लिए कोई जगह नहीं है। जो भी कानून हाथ में लेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है। फिलहाल, घटना के बाद पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। शहजाद के आपराधिक नेटवर्क, उसके सहयोगियों और अन्य संभावित कड़ियों को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से जुड़े हर पहलू की गहनता से जांच की जाएगी।
ये भी पढ़े… सहारनपुर में आर्मी मेजर ने सिर्फ 1 रुपये शगुन लेकर कैप्टन से रचाई शादी, ससुर बोले- ‘बहू नहीं बेटी आई’







