UP News: आगरा पुलिस कमिश्नरेट में भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पहला मामला थाना इरादतनगर से जुड़ा है, जहां तैनात दरोगा मानवेंद्र गंगवार पर धोखाधड़ी के एक मुकदमे में नामजद आरोपियों के नाम हटाने के बदले 20 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। वहीं दूसरा मामला थाना अछनेरा का है, जहां एसएसआई पर डायरी में रिश्वत की रकम लेने का आरोप है।
पुलिस आयुक्त से की थी शिकायत
रोहता, सदर निवासी पूर्व सैनिक नगेंद्र सिंह ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की। उन्होंने बताया कि वे कारगिल युद्ध के दौरान ऑपरेशन विजय का हिस्सा रहे हैं। नगेंद्र के अनुसार, उन्होंने 19 अगस्त 2021 को फतेहाबाद के गांव मुबारिकपुर में एक जमीन का बैनामा कराया था और इसके बदले जयप्रकाश को 52 लाख रुपये का भुगतान चेक के माध्यम से किया था। नगेंद्र सिंह का आरोप है कि लगभग पांच साल बाद, जुलाई 2025 में थाना इरादतनगर में उनके खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया। उन्होंने इस मामले में हाईकोर्ट में याचिका दायर की, जिस पर अदालत ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए विवेचक को शपथ पत्र दाखिल करने के निर्देश दिए थे। आरोप है कि विवेचक मानवेंद्र गंगवार ने शपथ पत्र दाखिल नहीं किया और प्रति व्यक्ति 5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी। रकम न देने पर जेल भेजने की धमकी भी दी गई। शिकायतकर्ता ने बातचीत के वीडियो और ऑडियो रिकॉर्ड कर भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।

UP News: प्राथमिक जांच में निलंबन
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि मामले की जांच अपर पुलिस आयुक्त को सौंपी गई है। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर दरोगा को निलंबित कर दिया गया है। जांच में आरोप सिद्ध होने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वायरल वीडियो में दरोगा कथित तौर पर वरिष्ठ अधिकारियों के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए और मामले को पैसों के जरिए निपटाने की बात करते हुए सुनाई दे रहा है। वीडियो में वह यह भी कहता नजर आता है कि यह छोटा मामला नहीं है और पहले भी कुछ नाम जोड़कर रकम लेकर निपटारा किया गया था। दूसरे मामले में थाना अछनेरा में तैनात एसएसआई जितेंद्र यादव पर रिश्वत लेने का आरोप लगा है। सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर उन्हें डायरी में पैसे लेते हुए देखा गया है। यह फुटेज नवंबर का बताया जा रहा है। वहीं इस मामले में एडीसीपी आदित्य सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर एसएसआई को भी निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है और दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े… लव जिहाद मामले में पुलिस कमिश्नर का कड़ा एक्शन, SO समेत दो पुलिसकर्मी निलंबित







