UP News: मुरादाबाद सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित राजकीय बाल संप्रेक्षण गृह से रविवार देर रात एक बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई, जब वहां निरुद्ध पांच किशोर बंदी छत फांदकर फरार हो गए। घटना के सामने आते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो किशोरों को दोबारा पकड़ लिया, जबकि तीन किशोर अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
घटना को लेकर बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रारंभिक जांच में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। इस मामले में प्रभारी अधीक्षक मुकेश कुमार चौधरी की तहरीर पर थाना सिविल लाइंस में कुल 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपियों में फरार हुए पांच किशोरों के साथ-साथ ड्यूटी पर तैनात एक कांस्टेबल, तीन होमगार्ड और दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
UP News: पुलिस ने मामले में क्या बताया?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरार किशोरों में दो अमरोहा जनपद, एक मुरादाबाद और दो उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के निवासी हैं। सभी किशोर चोरी के मामलों में बाल संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध थे। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात उन्होंने सुरक्षा में मौजूद खामियों का फायदा उठाते हुए छत के रास्ते बाहर निकलकर फरारी काट ली। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि फरार हुए पांच किशोरों में से दो को पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया है, जबकि शेष तीन की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है। साथ ही बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुरक्षा इंतजामों को और सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं। मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात भी कही जा रही है।
Report By: सलमान युसूफ







