UP News: अमरोहा जिले में दबंगों के आतंक का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला डिडौली थाना क्षेत्र के हटव्वा तिराहे का है, जहां बाइक तेज चलाने को लेकर हुए विवाद में दबंग युवकों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
लात-घूंसों से हमला
जानकारी के अनुसार, कस्बा जोया निवासी मोहम्मद आलम पुत्र जाकिर गुरुवार की रात किसी काम से गांव असगरीपुर जा रहे थे। जब वह हटव्वा तिराह पहुंचे, तो वहां मौजूद कुछ बुलेट बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि तेज बाइक चलाने को लेकर पहले गाली-गलौच शुरू हुई, और जब मोहम्मद आलम ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। इसके बाद उन्होंने मिलकर युवक पर लात-घूंसों से बेरहमी से हमला किया।
घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने प्रयास किया, लेकिन दबंगों की संख्या अधिक होने के कारण वे कुछ नहीं कर पाए। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कैसे आरोपित युवक जान से मारने पर आमादा हैं। घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर हालत के चलते भर्ती कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत नाजुक है और उसका इलाज जारी है।
UP News: पुलिस बोली सख्त कार्रवाई होगी
डिडौली पुलिस को घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भेजा गया। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और वीडियो फुटेज के आधार पर तीन युवकों को नामजद किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर चिंतित हैं और पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ाई से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं यह घटना जिले में दबंगों के बढ़ते आतंक की तरफ भी इशारा करती है, जो आम जनता के लिए चिंता का विषय बन गया है।
रिपोर्ट- मौ. अज़ीम
ये भी पढ़े… 66 करोड़ श्रद्धालुओं की सेवा का इनाम, अमरोहा के होमगार्ड्स को महाकुंभ ड्यूटी के लिए मिला मुख्यमंत्री सम्मान







