UP News: उत्तर प्रदेश के चंदौली और प्रतापगढ़ जिलों से जुड़ा एक हाई-प्रोफाइल पारिवारिक विवाद अब कानूनी दायरे में आ गया है। सदर तहसील चंदौली में तैनात एसडीएम दिव्या ओझा के पिता ने उनके पति और पीडीडीयू नगर तहसील में तैनात एसडीएम अनुपम मिश्रा पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, जान से मारने की कोशिश और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में प्रतापगढ़ के महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जिसके बाद अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शादी के बाद से विवाद के आरोप
शिकायत के अनुसार, दिव्या ओझा और अनुपम मिश्रा दोनों पीसीएस अधिकारी हैं। उनकी सगाई 19 अक्टूबर 2020 और शादी 1 दिसंबर 2020 को हुई थी। आरोप है कि शादी से पहले ही ससुराल पक्ष ने भारी दहेज की मांग शुरू कर दी थी, जिसमें शुरुआत में करोड़ों रुपये तक की मांग बताई गई। परिजनों का दावा है कि सामाजिक दबाव में नकद धनराशि, गहने और अन्य सामान दिए गए, लेकिन इसके बावजूद दिव्या को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। पीड़िता के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ कई बार मारपीट की गई और जान से मारने की कोशिश भी हुई। एक घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि दिसंबर 2025 में कथित रूप से पति और सास ने मिलकर हमला किया, जिसमें दिव्या को गंभीर चोटें आईं। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस मामले से जुड़े मेडिकल दस्तावेज और अन्य सबूत उनके पास मौजूद हैं।
UP News: ब्लैकमेलिंग और धमकी के आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि मारपीट के दौरान पीड़िता के अश्लील वीडियो और फोटो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी दी गई। तलाक की बात करने पर करियर बर्बाद करने और लंबे समय तक तलाक न देने की धमकी देने का भी जिक्र किया गया है। साथ ही, पीड़िता के गहने और अन्य सामान ससुराल पक्ष द्वारा वापस न करने का आरोप भी लगाया गया है।
वहीं मामले में पुलिस के अनुसार, अनुपम मिश्रा की मां भी चंदौली के अलीनगर थाने पहुंची थीं और अपनी बहू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया था, हालांकि उन्होंने औपचारिक रूप से केस दर्ज नहीं कराया। दूसरी तरफ प्रतापगढ़ महिला थाना प्रभारी मीनाक्षी पांडेय का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और जल्द चार्जशीट दाखिल करने का प्रयास किया जाएगा।
ये भी पढ़े… बरेली गौकशी कांड में आदेशों की अनदेखी पड़ी भारी, गुस्साए SSP ने 7 पुलिसकर्मी किया सस्पेंड







