UP News: प्रधानमंत्री आवास योजना-2.0 के दूसरे चरण के तहत उत्तर प्रदेश के 90 हजार लाभार्थियों के खातों में 900 करोड़ रुपये की धनराशि ट्रांसफर की गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में माफियाओं से मुक्त कराई गई जमीनों पर अब जरूरतमंदों के लिए आवास बनाए जाएंगे। इसमें वकील, शिक्षक, चिकित्सक और पत्रकार भी शामिल होंगे।
आवास मिलने पर दी शुभकामनाएं
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के ज्यूपिटर हॉल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवरात्रि और रामनवमी से पहले गरीबों को आवास मिलने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कब्जामुक्त जमीनों पर हाई-राइज बिल्डिंग बनाकर हर जिले और नगर में आवास उपलब्ध कराने की योजना पर काम किया जाएगा। सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले की सरकारें केवल अपने परिवार तक सीमित थीं, जबकि उनकी सरकार 25 करोड़ प्रदेशवासियों को परिवार मानकर काम कर रही है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 20 लाभार्थियों को मंच पर आवास की धनराशि के चेक सौंपे, जिनमें अधिकांश महिलाएं शामिल रहीं। इसके बाद उन्होंने विभिन्न जिलों के लाभार्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद भी किया। संवाद के दौरान सीएम ने फतेहपुर, गोरखपुर, प्रयागराज और देवरिया के लाभार्थियों से योजनाओं का फीडबैक लिया और उनसे सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने की अपील की।
UP News: 62 लाख परिवारों को आवास उपलब्ध
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 62 लाख परिवारों को आवास उपलब्ध कराया जा चुका है। दूसरे चरण में सहारनपुर, प्रतापगढ़, शाहजहांपुर, फिरोजाबाद, प्रयागराज, जालौन, सीतापुर, बरेली, गोरखपुर, बिजनौर, गाजियाबाद, देवरिया और गोंडा समेत कई जिलों के लाभार्थियों को एक-एक लाख रुपये की सहायता दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। साथ ही, राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता आई है और अब पूरे सिस्टम की मॉनिटरिंग डिजिटल माध्यम से की जा रही है। सीएम ने बताया कि प्रदेश में 1.06 करोड़ लोगों को सालाना 12 हजार रुपये पेंशन दी जा रही है और 1.30 लाख नए उद्यमी तैयार हुए हैं, जिससे अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और मंत्री एके शर्मा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।







