UP News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख बने रहने का रिकॉर्ड बनाया है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई देते हुए कहा कि ‘विकसित भारत’ के निर्माण को समर्पित यह ऐतिहासिक कीर्तिमान प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अटूट जनविश्वास का सशक्त प्रतीक है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि 145 करोड़ भारतीयों की सुख, समृद्धि और संतुष्टि के लिए सतत साधनारत, राष्ट्र के अमृतकाल के सारथी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सर्वाधिक लंबे समय तक सेवा देने वाले शासन प्रमुख बनने पर हार्दिक बधाई। उन्होंने आगे लिखा कि विकसित भारत के निर्माण को समर्पित यह ऐतिहासिक कीर्तिमान आपके प्रति अटूट जनविश्वास का सशक्त प्रतीक है। ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से दीप्त आपके यशस्वी नेतृत्व में ‘अंत्योदय से राष्ट्रोदय’ की संकल्पना साकार रूप ले रही है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के सुपथ पर चलते हुए भारत ने विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं।
145 करोड़ भारतीयों की सुख, समृद्धि और संतुष्टि के लिए सतत साधनारत, राष्ट्र के अमृतकाल के सारथी आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी को भारत के सर्वाधिक लंबे समय तक सेवा देने वाले शासन प्रमुख बनने पर हार्दिक बधाई।
‘विकसित भारत’ के निर्माण को समर्पित यह ऐतिहासिक कीर्तिमान…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) March 22, 2026
सीएम योगी ने पीएम मोदी के लिए अपने पोस्ट के आखिर में लिखा, “प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि आपके कुशल नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगति, समृद्धि और वैभव के पथ पर अग्रसर रहे।” इससे पहले, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने पोस्ट किया, “आज भारतीय राजनीति में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग को पीछे छोड़ते हुए भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख रहने का रिकॉर्ड बना लिया है।” अमित मालवीय ने लिखा कि पवन कुमार चामलिंग ने 8,930 दिनों तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया था। पीएम मोदी ने अब सरकार के प्रमुख के तौर पर सार्वजनिक पद पर 8,931 दिन पूरे कर लिए हैं। इसमें गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में बिताया गया उनका कार्यकाल और अब प्रधानमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल शामिल है। यह एक दुर्लभ और असाधारण उपलब्धि है, जो दशकों की निरंतर जनसेवा और नेतृत्व को दर्शाती है।
उन्होंने पीएम मोदी की उपलब्धियां बताते हुए पोस्ट किया, “वे गुजरात के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मुख्यमंत्री रहे। ऐसे नेता हैं, जिनके पास मुख्यमंत्री के रूप में सबसे लंबा पूर्व अनुभव है। वे स्वतंत्रता के बाद जन्मे पहले प्रधानमंत्री हैं और लगातार तीन लोकसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) के विजेता हैं। यह एक ऐसा मील का पत्थर है जो दृढ़ता, अनुभव और निरंतर जन-समर्थन को रेखांकित करता है।
ये भी पढ़े… यूपी में हेल्थ सेक्टर को बड़ा बूस्ट, 1228 नर्सिंग अधिकारियों को CM योगी ने दिए नियुक्ति पत्र







