UP News: बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग में जंगली हाथियों की बढ़ती आमद से दहशत का माहौल है। इस बीच आज बुधवार सुबह एक बाइक सवार को हाथियों के झुंड ने दौड़ा लिया, जिससे वह जान बचाने के लिए बाइक छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों और वन विभाग की टीम के सर्च ऑपरेशन के बाद करीब आधे घंटे बाद वह सुरक्षित वापस लौट आया।
अचानक सामने आ गई हथिनी
जानकारी के मुताबिक, सुजौली निवासी चुनक्का (45) पुत्र आशिक अली और अब्दुल हलीम खान (65) निवासी बुद्धू पुरवा मिहीपुरवा सुबह करीब 9 बजे अंबा गांव जा रहे थे। बिछिया–सुजौली मार्ग पर गिरिजापुरी पेट्रोल पंप के पास अचानक एक हथिनी अपने बच्चे के साथ सड़क पर आ गई। जैसे ही बाइक रोकी गई, हाथी उनकी ओर दौड़ पड़े। घबराकर दोनों बाइक सवार अलग-अलग दिशाओं में भागे। अब्दुल हलीम खान पेट्रोल पंप की ओर भाग गए, जबकि बाइक चालक चुनक्का जान बचाने के लिए जंगल की ओर भाग गया।
UP News: आधे घंटे चला सर्च ऑपरेशन
बाइक चालक के जंगल में लापता होने की खबर से राहगीरों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेंजर आशीष गौंड और वन दरोगा राधेश्याम के नेतृत्व में टीम ने जंगल में खोजबीन शुरू की। इस दौरान चालक का कुछ सामान जंगल में मिला। करीब आधे घंटे बाद चुनक्का घबराई हालत में वापस लौटा। उसने बताया कि हाथी उसे काफी दूर तक दौड़ाते रहे और वह टेढ़े-मेढ़े रास्तों से भागकर किसी तरह जान बचाने में सफल हुआ। रेंजर ने पुष्टि की कि दोनों बाइक सवार सुरक्षित हैं।

वनकर्मियों टीम तैनात
वन विभाग ने वन दरोगा राधेश्याम और वन रक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में टीम तैनात कर आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों को सतर्क किया है। मौके पर एसआई अक्षयलाल, हीरालाल यादव और संजय गौड़ समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इसी दिन सुबह निशानगाड़ा रेंज के नावतोड़ मटेही–निशानगाड़ा कच्चे मार्ग पर करीब दो दर्जन जंगली हाथियों का झुंड कई घंटों तक सड़क पर डटा रहा। इससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और लोगों को वैकल्पिक रास्तों से सफर करना पड़ा।
रेंजर सुरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि वन दरोगा इशरार अहमद के नेतृत्व में गजमित्रों और वनकर्मियों की टीम को तैनात किया गया है। मेगाफोन के जरिए लोगों को सतर्क किया जा रहा है और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।
Report BY: उवेश रहमान
ये भी पढ़े… भोपाल में ‘अमरीन, आफरीन’ का दीदी ‘जिहाद’! गरीब लड़कियों को जॉब ऑफर कर धर्म बदलने का दबाव, खुला काला चिट्ठा






