UP News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र के दौताई गांव में एक महिला के फर्जी पहचान के सहारे अवैध रूप से रहने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खुद को ‘रानी बेगम’ बताकर रह रही महिला की असलियत तब खुली, जब पुलिस ने घर पर दबिश दी और तलाशी में बांग्लादेश से जुड़े अहम दस्तावेज बरामद किए। महिला और उसके पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।
अवैध रूप से रह रही थी महिला
पुलिस के मुताबिक 25 फरवरी को उपनिरीक्षक शिवांग शेखर गांव में शांति व्यवस्था और लंबित मामलों की जांच के सिलसिले में पहुंचे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि ‘रानी बेगम’ मूल रूप से बांग्लादेश की निवासी है और करीब एक साल से अपने पति मोहम्मद मशरूफ के साथ गांव में रह रही है। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के बाद पुलिस टीम ने बताए गए पते पर छापा मारा, लेकिन दंपती मौके पर नहीं मिला। घर की तलाशी में एक बैग से कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए।

असली नाम महमूदा बेगम, वीजा हो चुका था समाप्त
जांच में सामने आया कि महिला का असली नाम महमूदा बेगम है। उसके पास बांग्लादेश का पासपोर्ट, भारत का वीजा, नेशनल आईडी कार्ड और बांग्लादेशी करेंसी मिली। पासपोर्ट पर 2 जनवरी 2021 को नई दिल्ली आगमन की मुहर दर्ज थी, जबकि वीजा अवधि समाप्त हो चुकी थी। इसके बावजूद वह भारत में रह रही थी और नाम बदलकर ‘रानी बेगम’ के रूप में पहचान बना चुकी थी।

भारतीय दस्तावेज भी बरामद, निकाह प्रमाण पत्र मिला
तलाशी में भारतीय वोटर आईडी, बैंक पासबुक, निजी बैंक की चेकबुक, मोबाइल सिम दस्तावेज, ट्रैवल एजेंसी का कार्ड और ग्राम पंचायत प्रधान द्वारा जारी निवास प्रमाण पत्र भी बरामद हुआ। इसके अलावा 11 फरवरी 2021 को दरगाह हजरत निजामुद्दीन औलिया, नई दिल्ली में हुए निकाह से संबंधित प्रमाण पत्र भी मिला। इससे संकेत मिलता है कि स्थानीय पहचान स्थापित करने के लिए कई स्तर पर दस्तावेज तैयार कराए गए थे।

खुफिया एजेंसियां भी हुईं सक्रिय
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वीजा खत्म होने के बाद महिला ने अपनी पहचान बदलकर भारतीय दस्तावेज हासिल किए और गांव में सामान्य रूप से रहने लगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय खुफिया इकाई (LIU), इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं।

DIG का बयान, गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी
मेरठ रेंज के DIG कलानिधि नैथानी ने बताया कि महमूदा बेगम उर्फ रानी बेगम और उसके पति मोहम्मद मशरूफ के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
Report BY: सुन्दर शर्मा






