UP News: अमरोहा जिले में बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) पर महिला को प्रेम जाल में फंसाने, शारीरिक संबंध बनाने और बाद में मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़िता ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित कुमार आनंद से शिकायत की है।
पहले जानें मामला…
दरअसल, मंडी धनौरा थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसका पति लंबे समय से बाहर मजदूरी करता है। इसी दौरान बिजली बिल जमा करने के अभियान के तहत बिजली विभाग का एक जूनियर इंजीनियर उसके घर आया। महिला का आरोप है कि इसी दौरान जेई ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और उसके पति के साथ संबंध समाप्त करा दिए। पीड़िता ने बताया कि इसके बाद जेई उसे गजरौला शहर में एक किराए के मकान में ले गया, जहाँ वह लगभग चार वर्षों तक उसके साथ पति-पत्नी की तरह रही। इस दौरान महिला ने एक बेटे को जन्म दिया। महिला का आरोप है कि अब जेई उसे अपने साथ रहने से साफ इंकार कर रहा है।
महिला ने यह भी बताया कि वर्तमान में आरोपी जेई की तैनाती हसनपुर तहसील क्षेत्र में है। महिला ने कहा कि 26 जनवरी को वह जेई से मिलने उसके सरकारी आवास जोया रोड स्थित गई थी, जहाँ जेई और उसकी पत्नी ने उसके साथ मारपीट की। पीड़िता ने आज मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने मांग की है कि आरोपी जेई के खिलाफ कार्रवाई की जाए और उसे उसके साथ रहने का अधिकार दिलाया जाए।
पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जांच प्रारंभ कर दी गई है। सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि इस तरह की शिकायतों को गंभीरता से देखा जाएगा और कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं मामले मे एसपी अमित कुमार आनंद का कहना है कि मामले की जांच के लिए सीओ धनौरा को निर्देश दे दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- मौ. अज़ीम
ये भी पढ़े… अमरोहा में नगर पालिका सख्त, अब नहीं चलेगी सड़क पर पार्किंग, नियम तोड़ने वाले बैंकट हॉल पर गिरेगी गाज







