UP NEWS LIVE: सहारनपुर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां पुलिस की मौजूदगी के बावजूद एक वांछित अपराधी भीड़ की मदद से फरार हो गया। यह मामला थाना नकुड़ क्षेत्र के घाटमपुर गांव का है, जहां पुलिस कार्रवाई पर अब गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस के पहुंचते ही भीड़ ने कराया फरार
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह पुलिस की एक टीम दरोगा सहित घाटमपुर गांव पहुंची थी। टीम का उद्देश्य आधा दर्जन से अधिक मुकदमों में वांछित अपराधी जावेद उर्फ चिक्कू को गिरफ्तार करना था। लेकिन जैसे ही पुलिस गांव में पहुंची, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। आरोप है कि भीड़ ने पुलिस पर दबाव बनाते हुए जावेद से कहा, “भाग जा”, जिसके बाद वह पुलिस टीम के सामने से ही फरार हो गया। पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
UP NEWS LIVE: पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। लोग यह पूछ रहे हैं कि क्या पुलिस का बड़ा अमला भीड़ के सामने लाचार हो गया था, जिसके चलते एक वांछित अपराधी इतनी आसानी से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।
आरोपी पर दर्ज हैं कई मुकदमे, पुलिस ने दी सफाई
थाना नकुड़ के एसएचओ ने फोन पर बातचीत में बताया कि जावेद उर्फ चिक्कू के खिलाफ थाना नकुड़ में ही आठ मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य थानों में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज होने की जानकारी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या भीड़ के दबाव में पुलिस कार्रवाई कमजोर पड़ रही है।
Report By: Deepak Tiwari
ये भी पढ़ें…मध्य प्रदेश: राजगढ़ में नकली खाद की बिक्री पर सियासत गरम, दिग्विजय सिंह ने उठाए सवाल






