UP News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में धर्मांतरण से जुड़े एक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मां-बेटे समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग आर्थिक लालच और अंधविश्वास का सहारा लेकर लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे थे। मामले की शुरुआत तब हुई जब गोरखनाथ क्षेत्र के सूरजकुंड निवासी एक व्यक्ति ने गुलरिहा थाने में लिखित शिकायत दी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कुछ लोग पैसे का लालच देकर और भूत-प्रेत से मुक्ति दिलाने के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। जिसके बाद इनपुट के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें आरोपों की पुष्टि होने के बाद धर्म परिवर्तन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
ऐसे चलता था पूरा नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को अंधविश्वास का डर दिखाकर बुलाते थे और फिर आर्थिक मदद का लालच देकर धर्मांतरण के लिए तैयार करते थे। इस नेटवर्क में बिहार का एक व्यक्ति कथित रूप से मास्टरमाइंड बताया जा रहा है, जो खुद धर्म परिवर्तन के बाद अन्य लोगों को जोड़ने में लगा था। उसके साथ मिलकर स्थानीय स्तर पर कई लोग इस गतिविधि को आगे बढ़ा रहे थे।
UP News: कई इलाकों में फैला था जाल
जांच में यह भी पता चला कि यह गिरोह गुलरिहा बाजार, आयुष विश्वविद्यालय के आसपास के क्षेत्र, पीपीगंज और पिपराइच सहित कई स्थानों पर सक्रिय था। खासतौर पर भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों को निशाना बनाया जा रहा था। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। अधिकारियों के अनुसार, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और उनकी गतिविधियों की भी गहन जांच की जा रही है। मामले में क्षेत्राधिकारी का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
ये भी पढ़े… चंदौली में SDM की शादी को लेकर विवाद, ससुर बोले- ‘जन्मजात नपुंसक, अब SDM बेटी को कर रहा ब्लैकमेल’







