UP News: गोरखपुर के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कतरारी इलाके में मंगलवार सुबह एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। कुशीनगर से दबिश देकर लौट रही पुलिस टीम की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और फिर पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में रामगढ़ताल थाने के दरोगा संतोष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एसएसआई रमेश चंद्र कुशवाहा, महिला दरोगा गीता, दो कॉन्स्टेबल और वाहन चालक घायल हैं।
हादसे का पूरा मंजर
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, टीम कुशीनगर के खड्डा क्षेत्र में जालसाजी के मामले में छापेमारी कर रही थी। कार्रवाई पूरी होने के बाद सभी गोरखपुर लौट रहे थे। सुबह करीब साढ़े छह बजे श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कतरारी इलाके में स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई।

ड्राइवर को झपकी आने की वजह से गाड़ी डिवाइडर पर चढ़ गई और नियंत्रण खोते ही सामने लगे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पास के लोग हादसे की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों को गाड़ी से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल भेजा। घायलों को तुरंत गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज लाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान दरोगा संतोष कुमार की मौत हो गई। एसएसआई रमेश चंद्र कुशवाहा और महिला दरोगा गीता की हालत गंभीर बताई जा रही है। वाहन चालक की स्थिति खतरे से बाहर है।दो कॉन्स्टेबल को मामूली चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।
UP News: मृतक और परिवार की जानकारी
संतोष कुमार बिहार के सिवान जिले के सहसरांव गांव के रहने वाले थे। वे वर्तमान में गोरखपुर के रामगढ़ताल थाने में तैनात थे। घटना की जानकारी मिलते ही उनके परिजन गोरखपुर के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह ड्राइवर को झपकी आना बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे की पूरी घटना को स्पष्ट करने के लिए सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।






