UP News: हापुड़ जिले में दिनदहाड़े हुई 64 लाख रुपये की लूट की वारदात ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिलखुवा थाना क्षेत्र में हुई इस बड़ी आपराधिक घटना को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए कड़ा रुख अपनाया है। इस मामले में लापरवाही सामने आने के बाद थाना प्रभारी सहित तीन पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर जांच एडिशनल एसपी को सौंप दी गई है।
ये था मामला…
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के सीकर जिले के रहने वाले चावल कारोबारी राकेश राजपूत अपने बिजनेस पार्टनर वैभव शुक्ला से मिलने हापुड़ पहुंचे थे। इस बीच उन्होंने रेलवे रोड स्थित एक बैंक से 64 लाख रुपये नकद निकाले। इसके बाद दोनों बाइक से दिल्ली की ओर रवाना हो गए। राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोककर हथियार दिखाए और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हाईवे पर हुई इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा और पुलिस गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

UP News: अपराध के बाद हरकत में आई पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडीजी भानु भास्कर और डीआईजी कलानिधि नैथानी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और लूट की घटना की जानकारी ली। बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस टीमों ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है। इस दौरान यह भी सामने आया कि इलाके में न तो पर्याप्त पुलिस गश्त थी और न ही संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी।
तीन पुलिसकर्मी निलंबित
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने अपराध नियंत्रण में विफलता, गश्त में लापरवाही और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में गंभीर चूक को आधार बनाते हुए पिलखुवा थाना प्रभारी निरीक्षक श्यौपाल सिंह, छिजारसी चौकी प्रभारी महंतराज यादव, एसपीडीए चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच एडिशनल एसपी हापुड़ को सौंप दी गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सुरक्षा व्यवस्था में कहां और कैसे चूक हुई।
ये भी पढ़े… बजट में क्या सस्ता.. क्या महंगा? आ गई लिस्ट देखें…






