Up news: गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र स्थित महागुणपुरम सोसाइटी में एक ही परिवार के दो लोगों की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। 40 वर्षीय राजबीर सिंह ने 13वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी, जबकि उनके फ्लैट के अंदर उनकी 70 वर्षीय मां सतनाम कौर मृत पाई गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, राजबीर अपने ग्राउंड फ्लोर वाले फ्लैट से ऊपर 13वीं मंजिल तक पहुंचे और डक्ट एरिया से नीचे छलांग लगा दी। गिरते समय वह लोहे के शेड से टकराए और फिर ग्राउंड फ्लोर पर आ गिरे। मौके पर मौजूद गार्ड ने तेज आवाज सुनकर जब जांच की, तो राजबीर खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। इसके बाद सोसाइटी में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।
घर के अंदर मिला मां का शव
पुलिस जब मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, तभी फ्लैट से बदबू आने पर दरवाजा खोलकर देखा गया। अंदर राजबीर की मां सतनाम कौर का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि उनकी मौत 2–3 दिन पहले हो चुकी थी। शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Up news: आर्थिक और पारिवारिक स्थिति पर सवाल
जानकारी के मुताबिक, राजबीर सिंह की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी, लेकिन वह फिलहाल कोई काम नहीं करते थे। उनकी पत्नी अलग रहती हैं और उनका एक 10 साल का बेटा भी है। सोसाइटी के लोगों का कहना है कि राजबीर ही अक्सर नजर आते थे, जबकि उनकी मां कम ही दिखती थीं।
पुलिस जांच में जुटी
Up news: पुलिस के अनुसार, 19 मार्च 2026 को दोपहर करीब 1:50 बजे डायल 112 पर सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने 13वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को मणिपाल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मां की मौत किन परिस्थितियों में हुई और बेटे ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
ये भी पढ़े: रेलवे कर्मचारियों को बड़ा तोहफा: KMA में 25% बढ़ोतरी, सैलरी बढ़ने का रास्ता साफ







