UP News: दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेतों में पलट गई। हादसे में चार दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हादसा बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार वैगनआर कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और कई बार पलटते हुए हाईवे किनारे खेतों में जा गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों युवक अंदर ही फंस गए हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय पुलिस ने पहुंचकर घायलों को तत्काल बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया।
एक ने तोड़ा दम, दो की हालत नाजुक
घायलों में रॉकी, अकदश, अमन और आरिश शामिल थे। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए रॉकी को मेरठ रेफर कर दिया, जबकि अकदश को दिल्ली भेजा गया। अमन का इलाज बड़ौत के एक निजी अस्पताल में चल रहा है और उसकी स्थिति भी नाजुक बताई जा रही है। देर रात इलाज के दौरान अकदश ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं रॉकी और अमन की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। आरिश को मामूली चोटें आई हैं और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।

UP News: तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। आशंका है कि कार की स्पीड अधिक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार के खतरों को उजागर कर दिया है। कुछ ही पलों की लापरवाही ने एक परिवार का चिराग बुझा दिया और तीन अन्य जिंदगियां जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही हैं।
Report BY: रोजूदीन त्यागी






